भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता हमारी शीर्ष प्राथमिकता, दिसंबर में अगले दौर की बातचीत संभव: गोयल

भारतीय मूल के ऋषि सुनक के ब्रिटिश पीएम बनने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता को रफ्तार मिलेगी.

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता हमारी शीर्ष प्राथमिकता, दिसंबर में अगले दौर की बातचीत संभव: गोयल

इस साल जनवरी में भारत और ब्रिटेन ने एफटीए के लिए बातचीत शुरू की थी.

नई दिल्ली:

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल  (Piyush Goyal ) ने मंगलवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (Free trade agreement) दोनों देशों के लिए शीर्ष प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि समझौते के लिए अगले दौर की बातचीत दिसंबर में होने वाली है तथा चर्चा अच्छी तरह से आगे बढ़ रही हैं और इसके अच्छे परिणाम मिलेंगे. इस्पात उद्योग के एक कार्यक्रम में गोयल ने कहा, हम सभी बहुत अच्छी तरह से जानते हैं कि यह समझौता बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन दूसरे देश में राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण हमें थोड़ा झटका लगा है.

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सौभाग्य से अब एक स्थिर सरकार है. मैं पहले से ही अपने ब्रिटेन समकक्ष के साथ संपर्क में हूं. हम एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं और संभवत जल्द ही एक व्यक्तिगत बैठक भी करेंगे.हमारी टीमें पहले से ही लगी हुई हैं. अगले दौर की वार्ता अगले महीने होगी. उन्होंने कहा कि समझौते के लिए उद्योग जगत का समर्थन जरूरी है और यह निष्पक्ष, न्यायसंगत और संतुलित एफटीए होना चाहिए.

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एफटीए के लिए बातचीत पूरी करने की कोई सख्त समयसीमा नहीं होनी चाहिए. ऐसे समझौतों पर विचार करना होता है और सावधानीपूर्वक बातचीत होती है. आपको बता दें कि इस साल जनवरी में भारत और ब्रिटेन ने एफटीए के लिए बातचीत शुरू की थी. ऐसा माना जा रहा था कि दीपावली यानी 24 अक्टूबर तक बातचीत पूरी हो जाएगी.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हालांकि, ब्रिटेन में राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण इस समयसीमा तक बातचीत पूरी नहीं हो सकी. वहीं, भारतीय मूल के ऋषि सुनक (Rishi Sunak) के ब्रिटिश पीएम बनने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता को रफ्तार मिलने वाली है. ऐसा इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि सुनक मुक्त व्यापार समझौते के समर्थक रहे हैं.



(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)