न्यूयॉर्क:
अमेरिका की प्रमुख कंप्यूटर कंपनी ह्यूलेट-पैकर्ड ने घोषणा की कि वह पुनर्गठन योजना के तहत 11,000 से 16,000 अतिरिक्त कर्मचारियों की छंटनी कर रही है।
ह्यूलेट-पैकर्ड (एचपी) ने आय घटने के मद्देनजर इस नयी छंटनी योजना की घोषणा की। इससे पहले 2012 में शुरू हुई योजना के तहत 34,000 कर्मचारियों की छंटनी की गई थी।
कंपनी द्वारा जारी तिमाही नतीजे में कहा गया, एचपी ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनने और अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अपने श्रमबल का पुनर्गठन कर रही है। पहले जितने कर्मचारियों की छंटनी का आकलन किया गया था उसमें 11,000 से 16,000 का इजाफा होगा। एचपी ने यह पहल पर्सनल कंप्यूटर के अपने पारंपरिक कारोबार से हटकर मोबाइल उपकरणों के कारोबार में अपने आपको स्थापित करने के मामले में पेश आ रहे संकट के मद्देनजर की है, जिसमें एपल और दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग जैसी कंपनियों का दबदबा है।