खास बातें
- होंडा मोटर ने हीरो होंडा में अपनी 26 % हिस्सेदारी हीरो इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को बेची है।
नई दिल्ली: होंडा मोटर भारत में अपने संयुक्त उद्यम हीरो होंडा से पूरी तरह निकल गई है। जापान की इस कंपनी ने हीरो होंडा में अपनी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी संयुक्त उद्यम प्रवर्तक मुंजाल परिवार की एक फर्म हीरो इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को बेची है। हीरो होंडा ने बंबई शेयर बाजार को यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि कंपनी के प्रवर्तकों में हुए शेयर स्थानांतरण समझौते के तहत होंडा मोटर कंपनी ने कंपनी में अपनी सारी अंशधारिता मताधिकार हीरो इन्वेस्टमेंट को स्थानांतरित कर दी है। इसमें कहा गया है कि इस तरह होंडा मोटर अब हीरो होंडा की प्रवर्तक कंपनी नहीं रही है। उल्लेखनीय है कि हीरो होंडा देश की सबसे बड़ी दुपहिया वाहन कंपनी है। इसमें होंडा मोटर के साथ बीएम मुंजाल परिवार की हिस्सेदारी है। मुंजाल परिवार ने पिछले साल दिसंबर में होंडा की सारी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,841.83 करोड़ रुपये में खरीदने की घोषणा की। इसमें कहा गया है कि नये घटनाक्रम के कारण हीरो होंडा के प्रवर्तक एवं प्रवर्तक समूह का पुनर्गठन किया गया है। नये ढांचे के तहत हीरो इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड (एचआईपीएल) ने हीरो होंडा में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाकर 43.33 प्रतिशत कर लिया है जो 31 दिसंबर 2010 को 17.33 प्रतिशत थी। उल्लेखनीय है कि हीरो होंडा के बोर्ड में होंडा के दो प्रतिनिधियों तोशियाकी नाकागवा तथा सुमीहिशा फुकुदा ने हाल ही में इस्तीफा दिया। केंद्रीय मंत्रीमंडल ने बैन केपिटल तथा लाठे इन्वेस्टमेंट द्वारा एचआईपीएल में 4,500 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव को मार्च माह में मंजूरी दी थी।