खास बातें
- वैश्विक तेजी के बीच स्टाकिस्टों की लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव 200 रुपये की तेजी के साथ 30,400 रुपये प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए।
नई दिल्ली: वैश्विक तेजी के बीच स्टाकिस्टों की लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव 200 रुपये की तेजी के साथ 30,400 रुपये प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए।
औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी के भाव 1200 रुपये के उछाल के साथ 55,500 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचे।
बाजार सूत्रों के अनुसार डालर कमजोर पड़ने से लंदन में सोने के भाव चार सप्ताह के उच्चस्तर को छू गए। जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा।
लंदन में सोने के भाव 1.3 प्रतिशत की तेजी के साथ 1637.40 डॉलर और चांदी के भाव 2.7 प्रतिशत चढ़कर 29.31 डॉलर प्रति औंस हो गए।
16 जून से शुरू शादी-विवाह सीजन से पहले स्टाकिस्टों ने खरीदारी बढ़ा दी जिससे सोने, चांदी की कीमतों में उछाल आया।
घरेलू बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 200 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 30,400 रुपये और 30,200 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव 150 रुपये चढ़कर 24,250 रुपये प्रति आठ ग्राम बंद हुए।
चांदी तैयार के भाव 1200 रुपये की तेजी के साथ 55,500 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1090 रुपये चढ़कर 55,170 रुपये प्रति किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 3,000 रुपये के उछाल के साथ 67,000 : 68,000 रुपये प्रति सैंकड़ा बंद हुए।