नई दिल्ली:
विदेशों में कमजोर रुख के बीच मांग में कमी के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों का गिरना लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। आज इसके भाव 200 रुपये और टूटकर 11 माह के निचले स्तर 27,500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए। आभूषण निर्माताओं और फुटकर मांग कमजोर पड़ने और वायदा बाजार में नरमी का रुख से भी सोने में गिरावट को बल मिला।
इसी तरह चांदी के भाव भी तगातार पांचवे दिन दबाव में रहे। और आज इसके भाव 500 रुपये लुढ़क कर 40,500 रुपये प्रति किलो रह गए। बाजार सूत्रों के अनुसार सोने में और गिरावट आने की संभावना के चलते खरीदार बाजार से दूर रहे।
सिंगापुर में सोने के भाव 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 1251.86 डॉलर प्रति औंस रहे जो 4 फरवरी के बाद का निचला स्तर है। चांदी के भाव 0.9 फीसदी गिरकर 18.85 डॉलर प्रति औंस रह गए जो एक मई के बाद का निचला स्तर है।
दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव 200 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 27,500 रुपये और 37,300 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव पूर्वस्तर 24,600 रुपये प्रति आठ ग्राम अपरिवर्तित बंद हुए।
चांदी तैयार के भाव 500 रुपये की गिरावट के साथ 40,500 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 360 रुपये टूटकर 39,990 रुपये किलो पर बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 2000 रुपये की गिरावट के साथ 75,000 से 76000 रुपये प्रति सैंकडा बंद हुए।