एचडीएफसी बैंक में तीसरी तिमाही में कम हो गए 4,581 कर्मचारी

एचडीएफसी बैंक में तीसरी तिमाही में कम हो गए 4,581 कर्मचारी

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

मुंबई:

निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक के कर्मचारियों की संख्या में चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 4,581 की कमी आई है. बैंक का कहना है कि मुख्य रूप से उसकी प्रणाली की दक्षता बढ़ने तथा छोड़ने वालों की तुलना में कम संख्या में नियुक्तियों की वजह से उसके यहां कर्मचारियों की संख्या में कमी आई है.

दिसंबर तिमाही में बैंक की मुनाफा वृद्धि दर सबसे कम यानी 15 प्रतिशत रही. 31 दिसंबर, 2016 को बैंक के कर्मचारियों की संख्या घटकर 90,421 पर आ गई, जो 30 सितंबर, 2016 को 95,002 थी. ईमेल के जरिये भेजे जवाब में बैंक ने कहा है कि उसके कर्मचारियों की संख्या में कमी की प्रमुख वजह प्रणाली की दक्षता तथा नियुक्तियों में कमी है.

भारतीय बैंकिंग उद्योग में नौकरी छोड़ने वालों की सालाना दर 16 से 22 प्रतिशत है. एचडीएफसी बैंक में यह 18 से 20 प्रतिशत है. उद्योग में नौकरी के निकालने की दर का कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं है. एक साल पहले की तुलना में हालांकि बैंक के कर्मचारियों की संख्या में 5,802 का इजाफा हुआ है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com