खास बातें
- मुद्रास्फीति तथा दरों को लेकर चिंताओं के बीच सटोरियों की मुनाफा बिकवाली के चलते बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 34 अंक टूट गया।
मुंबई: मुद्रास्फीति तथा ब्याज दरों को लेकर चिंताओं के बीच सटोरियों की मुनाफा बिकवाली के चलते बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 34 अंक टूटकर 18,232.06 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयर आधारित सेंसेक्स बीते दो सत्रों की मजबूती को कायम नहीं रख सका जबकि वह 418 अंक से अधिक मजबूत हुआ था। निवेशकों ने ऑटो, रिफाइनरी, पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में मुनाफा बिकवाली की और सेंसेक्स उतार-चढ़ावा के बाद 34.04 अंक टूटकर 18,232.06 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊपर में 18,380.17 और नीचे में 18,199.52 अंक के दायरे में गया। बाजार सूत्रों का कहना है कि बढ़ती मुद्रास्फीति तथा ब्याज दरों के चलते निवेशकों में चिंता देखने को मिली और उन्होंने प्रमुख शेयरों में मुनाफा बिकवाली की। बिकवाली के दबाव के कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस टेक्नालाजीज, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ। सन फार्मा, रेनबेक्सी लेबोरेटरीज, एचडीएफसी बैंक तथा भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में लाभ दर्ज किया गया।