खास बातें
- कम भाव पर उपलब्ध शेयरों की लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 प्रमुख शेयरों वाला सेंसेक्स 68 अंक सुधरकर बंद हुआ।
मुंबई: आर्थिक समीक्षा में मजबूत आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान की खबरों के बीच कम भाव पर उपलब्ध शेयरों की लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 प्रमुख शेयरों वाला सेंसेक्स 68 अंक सुधरकर बंद हुआ। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 17,469.97 और 17,812.44 अंक के दायरे में चढ़ने उतरने के बाद के बाद गुरुवार के मुकाबले 68.50 अंक मजबूत होकर 17,700.91 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 40.85 अंक सुधरकर 5,303.55 अंक पर बंद हुआ। संसद में पेश की गई 2010-11 की आर्थिक समीक्षा में अगले वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है, जबकि चालू वित्तवर्ष में वृद्धि दर 8.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है। समीक्षा में यह भी कहा गया कि सरकार वित्तीय क्षेत्र की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बाजार नियमन की संपूर्ण व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कदम उठाने पर काम कर रही है। तेल की कीमतों को लेकर चिंता घटने से भी बाजार की धारणा मजबूत हुई। तेल उत्पादक देशों ने कहा है कि अगर पश्चिम एशिया संकट से तेल की आपूर्ति घटती है, तो वे उत्पादन बढ़ाएंगे। सेंसेक्स में 13 कंपनियों के शेयर लाभ के साथ बंद हुए, जबकि 17 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। रेल बजट में नयी रेल लाइनें बिछाए जाने की योजनाएं पेश किए जाने से ढांचागत क्षेत्र के लिए धारणा मजबूत हुई। आज की तेजी की अगुवाई वित्तीय क्षेत्र, एफएमसीजी और वाहन कंपनियों के शेयरों ने की। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स 4.43 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 3.55 प्रतिशत, आईटीसी 3 प्रतिशत, एसबीआई 2.09 प्रतिशत, जिंदल स्टील 1.87 प्रतिशत, विप्रो 1.73 प्रतिशत, जेपी एसोसिएट्स 1.40 प्रतिशत और भारती एयरटेल 1.18 प्रतिशत चढ़ा। हालांकि, आरकाम 5.40 प्रतिशत, आर.इंफ्रा 4.58 प्रतिशत, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा 3.38 प्रतिशत, हिंडाल्को 2.48 प्रतिशत, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज 2.23 प्रतिशत, भेल 1.23 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 1.08 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ।