खास बातें
- एनडीटीवी इंडिया को सूत्रों से जानकारी मिली है कि एयर इंडिया के 300 से ज्यादा हड़ताली पायलटों को बर्खास्त किया जाएगा।
नई दिल्ली: एनडीटीवी इंडिया को सूत्रों से जानकारी मिली है कि एयर इंडिया के 300 से ज्यादा हड़ताली पायलटों को बर्खास्त किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसका फैसला कर लिया है। इस खबर के आने के बाद इंडियन पायलट्स गिल्ड ने कहा है कि वह अभी इस खबर पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते लेकिन अगर यह खबर सही है तो इससे साफ जाहिर है कि मैनेजमेंट पायलटों की मांगो और एयर इंडिया के मुद्दों को सुलझाने की बजाए उनसे भाग रही है।
एनडीटीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया ने 100 पायलटों को रिक्रूट करने की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक हड़ताली पायलटों को बर्खास्तगी की चिट्ठी इसी हफ्ते दी जा सकती है। पायलटों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते अब तक 101 पायलटों को बर्खास्त किया जा चुका है। गौरतलब है कि हड़ताल पर गए पायलटों ने धर्माधिकारी रिपोर्ट को मानने से इनकार कर दिया था। हड़ताल पर गए एयर इंडिया के पायलट इस बात से नाराज थे कि मर्जर के पहले ड्रीमलाइनर विमानों को उड़ाने के लिए सिर्फ उन्हें चुना गया था लेकिन मर्जर के बाद इंडियन एयरलाइंस के पायलटों को भी ड्रीमलाइनर उड़ाने की इजाज़त मिल गई थी जिसका पायलटों के एक समूह ने विरोध किया था।