LinkedIn New CEO: प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन ने डैनियल शापेरो (Daniel Shapero) को अपना नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है. डैनियल शापेरो, रायन रोसलैंस्की (Ryan Roslansky) की जगह लेंगे, जो जून 2020 से कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे. डैनियल साल 2008 में लिंक्डइन से जुड़े थे और अब तक वह कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब वह पूरी एग्जीक्यूटिव टीम को लीड करेंगे और रायन रोसलैंस्की को रिपोर्ट करेंगे, जो अब लिंक्डइन और माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के ईवीपी (EVP) की भूमिका में होंगे.
भारतीय मूल के मोहक श्रॉफ को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
लीडरशिप में हुए इस फेरबदल के बीच कंपनी ने मोहक श्रॉफ (Mohak Shroff) को 'प्रेसिडेंट ऑफ प्लेटफॉर्म्स एंड डिजिटल वर्क' के नए पद पर प्रमोट किया है. मोहक भी रायन रोसलैंस्की को ही रिपोर्ट करेंगे. अपने नए में मोहक श्रॉफ लिंक्डइन और माइक्रोसॉफ्ट के 'फ्यूचर ऑफ वर्क' से जुड़े बिजनेस की टेक्नोलॉजी स्ट्रैटेजी और लंबे समय के इनोवेशन पर नजर रखेंगे.
बदली लीडरशिप पर मिशन वही पुराना
लिंक्डइन ने एक कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के जरिए साफ किया है कि भले ही लीडरशिप का स्ट्रक्चर बदल रहा है, लेकिन कंपनी का मिशन आज भी वही है: "दुनिया के प्रोफेशनल्स को जोड़ना ताकि वे ज्यादा प्रोडक्टिव और सक्सेसफुल बन सकें."
कंपनी ने अपने बढ़ते ग्राफ का जिक्र करते हुए बताया कि लिंक्डइन का सालाना रेवेन्यू 19 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया है. इस प्लेटफॉर्म पर अब 130 करोड़ से ज्यादा मेंबर्स और 7 करोड़ कंपनियां जुड़ी हुई हैं, जिससे भविष्य के अवसर और भी बढ़ गए हैं.
CEO बनने पर क्या बोले डैनियल शापेरो?
डैनियल शापेरो (LinkedIn New CEO Daniel Shapero) ने अपनी नई जिम्मेदारी मिलने के बाद एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, "मैं आज लिंक्डइन के CEO का पद संभाल रहा हूं. मैं मई 2008 में इस कंपनी से कर्मचारी नंबर 300 के आसपास जुड़ा था. यह कहना आसान है कि इस कंपनी में बिताया गया समय मेरे जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहा है."
उन्होंने आगे कहा कि एआई (AI) के इस दौर में प्रोफेशनल्स के लिए आर्थिक अवसरों को बढ़ाना अब पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है.
सीखने और सुनने से होगी नई शुरुआत
डैनियल शापेरो ने अपनी जर्नी में साथ देने के लिए पूर्व एग्जीक्यूटिव माइक गैमसन, रायन रोसलैंस्की और लिंक्डइन के सभी कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि वह इस नई भूमिका की शुरुआत अपनी पुरानी अप्रोच के साथ करेंगे, यानी सबसे पहले वह अपनी टीम, मेंबर्स, क्रिएटर्स और कस्टमर्स के साथ कनेक्ट करेंगे और उनसे नई चीजें सीखेंगे और समझेंगे.














