IndiGo: कमाई में नंबर-वन और पायलट सबसे कम! केंद्रीय मंत्री ने संसद में ही खोल दी इंडिगो की पोल

Pilot-to-Aircraft Ratio: एक अच्‍छी बात महिला-पुरुष अनुपात के मोर्चे पर सामने आई. इंडिगो में कुल 5,200 पायलट हैं, जिनमें कंपनी में 970 महिला पायलट शामिल हैं, जबकि एयर इंडिया में 3,123 पायलट हैं जिनमें 508 महिला पायलट शामिल हैं

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
IndiGo Pilot to Aircraft Ratio: इंडिगो में पायलटों का अनुमान सबसे कम है.

देश की नंबर वन एयरलाइन का तमगा लिए घूमने वाली इंडिगो (IndiGo) सबसे ज्‍यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती हैं, जाहिर है कि अन्‍य एयरलाइन्‍स की तुलना में कंपनी, कमाई में भी टॉप पर है. लेकिन ऐसा नहीं है कि हर मामले में इंडिगो टॉप पर ही है. प्रति फ्लाइट पायलट (Pilots Per Flight Ratio) यानी  'एक फ्लाइट के लिए कितने पायलट' वाला अनुपात देखा जाए तो कंपनी सबसे पीछे है. सरकार ने संसद में ही कंपनी की ये वाली पोल खोल दी. लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बताया कि इंडिगो के पास प्रति विमान, सबसे कम पायलट हैं. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अन्य घरेलू एयरलाइनों की तुलना में  इंडिगो का पायलट-से-विमान अनुपात (Pilot to Aircraft Ratio) सबसे कम 7.6 है.हालांकि कंपनी ने स्थिति सुधारने को लेकर कमिटमेंट किया है.

इसी वजह से झेलनी पड़ी थी फजीहत

इंडिगो में कम पायलट होना एक बड़ी वजह थी, जब दिसंबर में एयरलाइन को एक के बाद एक सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल करने पड़े थे. कुछ ही दिनों के भीतर लाखों यात्री प्रभावित हुए थे और उन्‍हें जहां-तहां फंसे रहना पड़ा था. सैकड़ों यात्रियों ने इंडिगो को भला-बुरा सुनाया था. इंडिगो को लगातार कई दिनों तक फजीहत झेलनी पड़ी थी. हालांकि कंपनी के जिस CEO (पीटर एल्‍बर्स) के कार्यकाल में ये सब हुआ था, वो हाल ही में इस्‍तीफा दे चुके हैं. उनके इस्‍तीफे के बाद इंडिगो (इंटरग्‍लोब) के शेयरों में तात्‍कालिक उछाल भी देखा गया था.

किस एयरलाइन के पास प्रति विमान कितने पायलट?

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को संसद को सूचित किया कि अन्य घरेलू एयरलाइनों की तुलना में इंडिगो का पायलट-से-विमान अनुपात सबसे कम 7.6 है. नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में आंकड़े प्रस्तुत किए. इन आंकड़ों के अनुसार,

  • स्पाइसजेट में प्रति विमान 9.4 पायलटों के साथ सबसे अधिक संख्या है, उसके बाद अकासा एयर में प्रति विमान 9.33 पायलट हैं.
  • एयर इंडिया में  9.1 पायलट प्रति विमान और उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस में 8.8 पायलट प्रति विमान हैं.

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सबसे अधिक 48 विदेशी पायलटों को नियुक्त किया है, जबकि इंडिगो ने 29 विदेशी पायलटों को नियुक्त किया है.

Advertisement

महिला-पुरुष पायलटों का अनुपात

मंत्री ने कहा कि इंडिगो में कुल 5,200 पायलट हैं, जिनमें कंपनी में 970 महिला पायलट शामिल हैं, जबकि एयर इंडिया में 3,123 पायलट हैं जिनमें 508 महिला पायलट शामिल हैं. मंत्री ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस में कुल पायलटों की संख्या 1,820 है, जिनमें से 234 महिलाएं हैं. आंकड़ों के अनुसार, अकासा एयर के पास 761 पायलट हैं, जिनमें 76 महिलाएं शामिल हैं, जबकि स्पाइसजेट के पास 375 पायलट हैं, जिनमें 58 महिला पायलट शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: 5,200 युवाओं को जॉब देंगी इन्‍फोसिस और टाटा, पंजाब के 2 शहरों से आई गुड न्यूज 
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran-Israel War: Saudi से Strait of Hormuz के रास्ते कच्चा तेल लेकर India पहुंचा Ship | Oil Crisis