IDBI Bank Latest UPdates: शेयर बाजार में इस वक्त IDBI बैंक के शेयरों को लेकर काफी चर्चा है. पिछले कुछ हफ्तों में बैंक के निवेशकों के लिए समय थोड़ा कठिन रहा है. जिस बैंक के शेयर कुछ समय पहले आसमान छू रहे थे, वहां अब भारी बिकवाली देखने को मिल रही है. हालांकि आज यानी 18 मार्च को शेयर में 1% से ज्यादा की मामूली बढ़त है, लेकिन क्या यह रिकवरी का संकेत है या सिर्फ एक छोटी राहत? आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आखिर IDBI बैंक में चल क्या रहा है.इस शेयर गिरने की असली वजह और बैंक ग्राहकों पर इसका क्या असर होगा...
IDBI बैंक के शेयर में बड़ी गिरावट, 18,500 करोड़ साफ!
IDBI बैंक के शेयरों में पिछले एक हफ्ते से भारी बिकवाली हो रही है. यह स्टॉक अपने हालिया हाई ₹118.5 से करीब 35% तक नीचे आ गया है. आलम यह है कि महज दो दिनों में ही शेयर 20% तक टूट गया और अपने 52-हफ्ते के निचले स्तर ₹72.04 के बेहद करीब पहुंच गया. इस गिरावट की वजह से बैंक की मार्केट वैल्यू में ₹18,500 करोड़ से ज्यादा की कमी आई है, जिससे निवेशक काफी परेशान हैं.
आखिर क्यों टूटा निवेशकों का भरोसा? क्या है मामला
इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह बैंक के प्राइवेटाइजेशन को लेकर कन्फ्यूजन है.सरकार और LIC काफी समय से बैंक में अपनी बड़ी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में थे. बाजार को उम्मीद थी कि कोई बड़ा खरीदार आएगा और बैंक की किस्मत बदल जाएगी.अब खबरें आ रही हैं कि बोलियां सरकार की उम्मीद से कम रही हैं, इसलिए सरकार इस सेल प्लान को रद्द कर सकती है. इस खबर ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया है और जो तेजी प्राइवेटाइजेशन की उम्मीद पर टिकी थी, वह अब धड़ाम हो गई है.
बोली लगाने वाले पीछे क्यों हटे?
जानकारों का मानना है कि संभावित खरीदार बैंक को लेकर थोड़े डरे हुए हैं. उन्हें डर है कि अधिग्रहण के बाद बैंक का मैनेजमेंट संभालना आसान नहीं होगा. इसके अलावा पुराने सरकारी ढांचे, कर्मचारियों की लागत और रेगुलेटरी नियमों को लेकर भी खरीदारों के मन में कई सवाल हैं. यही वजह है कि सरकार और खरीदारों के बीच कीमत को लेकर तालमेल नहीं बैठ पाया.
IDBI बैंक के खाताधारकों का क्या होगा?
अगर आपका IDBI बैंक में खाता है, तो आपको घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. शेयर बाजार में शेयर गिरना निवेशकों की पसंद-नापसंद का मामला है, इसका बैंक की डेली बैंकिंग या आपकी जमा पूंजी से कोई लेना-देना नहीं है.आपका पैसा सुरक्षित है. बैंक का मुनाफा सुधरा है और डूबे हुए कर्ज (NPA) में भारी कमी आई है.बैंक डिपॉजिट पर ₹5 लाख तक का बीमा DICGC द्वारा मिलता है. साथ ही, RBI की भी इन पर पैनी नजर रहती है. आपकी सेविंग्स, FD और बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह ही सुरक्षित और चालू रहेंगी.
स्टॉक परफॉर्मेंस पर डालें नजर
आज सुबह कंपनी का शेयर 1.42% की तेजी के साथ ₹75.15 पर ट्रेड कर रहा था. लेकिन लॉन्ग टर्म और शॉर्ट टर्म के आंकड़ें काफी अलग है...
- पिछले 5 दिन में यह शेयर करीब 22.71% टूटा है.
- पिछले 1 महीना में 33.72% की भारी गिरावट आई है.
- पिछले 1 साल में इस स्टॉक ने करीब 2.95% का मामूली रिटर्न दिया है.
- पिछले 5 साल में लॉन्ग टर्म के निवेशकों के लिए यह अभी भी मुनाफे में है, जिसने 101% से ज्यादा का रिटर्न दिया है.
क्या अभी शेयर खरीदना सही है?
शेयर अब पहले के मुकाबले काफी सस्ता लग रहा है, लेकिन एक्सपर्ट्स अभी वेट एंड वॉच की सलाह दे रहे हैं. जब तक प्राइवेटाइजेशन पर सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई नहीं आती, तब तक शेयर में बड़ी तेजी आना मुश्किल है. रिस्क लेने वाले निवेशक इसे अपनी वॉचलिस्ट में रख सकते हैं, लेकिन बिना स्पष्ट खबरों के पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है.
नोट- यह सिर्फ एक समान्य जानकारी है. शेयर बाजार में निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें.














