Chhath Puja: छठ पूजा का त्योहार आज शुरू हो चुका है. यह पर्व देशभर में खूब धूमधाम से मनाया जाता है. आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारों तक, हर कोई चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को श्रद्धा के साथ मनाता है. भोजपुरी सिनेमा में भी कई ऐसे कलाकार हैं, जो हर साल छठ पूजा करते हैं. यह पर्व धर्म और समुदाय से परे हैं. भोजपुरी में एक ऐसी एक्ट्रेस हैं, जो मुस्लिम हैं लेकिन छठ पूजा के लिए गहरी आस्था रखती हैं. वह हर साल पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की पूजा करती हैं. आज हम आपको बताते हैं इस एक्ट्रेस के बारे में...

कौन है वो एक्ट्रेस
वह एक्ट्रेस हैं भोजपुरी की टॉप अभिनेत्री रानी चटर्जी. रानी का असली नाम सबीहा शेख है. हालांकि वह रानी के नाम से देश भर में मशहूर हैं. एच न्यूज भोजपुरी को दिए एक इंटरव्यू में रानी ने बताया था कि वह हर धर्म का सम्मान करती हैं. वह हर साल छठ पूजा करती हैं. उन्होंने कहा था, 'लोगों ने मुझे नमाज पढ़ते हुए शायद ही देखा होगा, लेकिन पूजा-पाठ करते जरूर देखा होगा. मैं हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेती हूं.'

हिंदू धर्म के लिए सम्मान
रानी चटर्जी ने कहा था कि सोशल मीडिया पर उनके असली नाम को लेकर ट्रोल किया जाता है. लोगों को पता चलता है कि मैं मुस्लिम हूं, तो वे सोशल मीडिया पर कमेंट और डीएम करके मुझे झूठी कहते हैं. आरोप लगाते हैं कि मैंने हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल किया है, लेकिन रानी नाम अपनाने के बाद भी मैंने कभी हिंदू धर्म का अपमान नहीं किया.' उन्होंने कहा फिल्मों में काम करने के बाद उनका दुनिया को देखने का नजरिया बदल गया. एक कलाकार के तौर पर उन्हें अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को करीब से समझने का मौका मिला. उन्होंने कहा था, ‘कभी मैं फिल्मों में ईसाई महिला का किरदार निभाती हूं, कभी काली माता के मंदिर में तांडव करती हूं तो कभी भगवान भोलेनाथ के लिए गाने गाती हूं.'

कैसे बनी सबीहा से रानी
रानी ने बताया था कि दरअसल वह अपनी पहली भोजपुरी फिल्म की शूटिंग कर रही थीं. तब वह दसवीं में पढ़ती थीं. फिल्म में एक सीन था, जिसमें उन्हें मंदिर में भगवान के चरणों में सिर रखकर अपने पति की जान बचाने की प्रार्थना करनी थी. फिल्म में उनके हीरो थे मनोज तिवारी. वहां काफी भीड़ थी. फिल्म के डायरेक्टर को लगा कि अगर मंदिर के पुजारी को पता चला कि वह मुस्लिम हैं, तो शूटिंग में परेशानी हो सकती है. इसलिए उन्होंने रानी से कहा कि वह अपना नाम रानी बताए. फिल्म में उनके रोल का नाम भी रानी थी. इस तरह वह रानी के नाम से पहचानी जाने लगीं. फिल्म बड़ी हिट साबित हुई और रानी रातों रात स्टार बन गईं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं