1965 में बॉलीवुड में एक ऐसी प्रेम कहानी आई, जिसने कश्मीर की खूबसूरती और मोहम्मद रफी की आवाज को हमेशा के लिए यादगार बना दिया. हम बात कर रहे हैं 61 साल पहले आई फिल्म 'जब जब फूल खिले', जिसमें शशि कपूर और नंदा की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया. इसी फिल्म का एक गाना थी जिसमें गुल और बुलबुल की अधूरी प्रेम कहानी बताई गई थी. इस गाने में प्यार के अफसाने को बातचीत और किस्से की तरह से बुना गया था. आनंद बख्शी के बोल और कल्याणजी-आनंदजी के संगीत ने इसे ऐसा रंगा दिया कि इतने सालों बाद भी गाने का अंदाज और इसकी प्रेम कहानी लोगों को आकर्षित करती है.
बातचीत के अंदाज में सुनाई गई गुल और बुलबुल का अफसाना
फिल्म का गाना था 'एक था गुल और एक थी बुलबुल' इस गाने की खासियत थी इसका किस्सागोई वाला अंदाज. इस गाने में मोहम्मद रफी और नंदा की आवाज सुनाई देती है. गाने के आनंद बख्शी ने लिखे, जिसमें शशि कपूर अपने नाना से सुनी कहानी का किस्सा सुनाते हैं. आनंद बख्शी ने गुल और बुलबुल के जरिए दो प्रेमियों की कहानी लिखी, वहीं कल्याणजी-आनंदजी ने इसे खूबसूरत धुन दी. करीब साढ़े सात मिनट के इस गाने ने आनंद बख्शी के करियर को एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया था.
जब जब फूल खिले फिल्म के अनसुने किस्से
1. शशि कपूर ने इस फिल्म में अपने किरदार को परफेक्ट बनाने के लिए कश्मीर के नाविकों के साथ समय बिताया था.
2. फिल्म के सभी गानों को पसंद किया गया था, लेकिन एक था गुल और एक थी बुलबुल गाने ने आनंद बख्शी के करियर को एक अलग पहचान दिलाई.
3. इस फिल्म की शूटिंग के समय पर नंदा के लिए महाराष्ट्र के लेफ्टिनेंट कर्नल ने शादी का रिश्ता भेज दिया था.
4. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करेगी, इसको लेकर डायरेक्टर और शशि कपूर पर लगी थी शर्त.
शशि कपूर ने नाविकों के साथ बिताए थे दिन, नंदा के लिए आया था शादी का रिश्ता
इस फिल्म से जुड़ा एक और मजेदार किस्सा है कि इसमें शशि कपूर ने राजा नाम का किरदार निभाया था. जिसमें वो एक कश्मीरी नाविक बने थे. जबकि नंदा ने अमीर परिवार की बेटी रीटा का रोल प्ले किया था. बता दें कि अपने किरदार के लिए शशि कपूर ने कश्मीर में नाविकों के साथ कई दिन बिताए थे. वहीं इस फिल्म की शूटिंग के दौरान नंदा को शादी का प्रपोजल भी आया था. IMDB की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के एक लेफ्टिनेंट कर्नल नंदा को पसंद करने लगे थे. उन्होंने डायरेक्टर सूरज प्रकाश से नंदा की मां तक शादी का रिश्ता पहुंचाने के लिए कहा था. हालांकि, बात कुछ आगे नहीं बढ़ पाई थी.
ये भी पढ़ें: राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर का 57 साल पुराना गाना, भंवरे और कली बने प्रेम के प्रतीक, आशा-रफी की आवाज में एवरग्रीन
फिल्म की सक्सेस पर लगी थी शर्त
'जब जब फूल खिले' फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल करती है इसको लेकर के डायरेक्टर सूरज प्रकाश और शशि कपूर के बीच शर्त लगी थी. सूरज प्रकाश का मानना था कि फिल्म 25 हफ्ते चलेगी, जबकि शशि कपूर को लगता था कि यह आठ हफ्ते भी नहीं टिक पाएगी. दोनों ने शर्त रखी कि जो जीतेगा, वह दूसरे को बर्लिंगटन का सूट सिलवाकर देगा. लेकिन फिल्म ने 50 हफ्ते पूरे कर गोल्डन जुबली मनाई थी.
फिल्म से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा है. IMDb पर दिए गए ट्रिविया के मुताबिक, गोल्डन जुबली फंक्शन में सूरज प्रकाश ने फिल्म के लेखक बृज कात्याल से पूछा कि कहानी में शशि कपूर का धर्म क्या था? इस पर पता चला कि कहानी में उसका धर्म कभी तय ही नहीं किया गया था. डायरेक्टर ने बताया कि श्रीनगर के नाविक मुस्लिम थे और इस कहानी को हिंदू-मुस्लिम प्रेम कहानी के रूप में भी देखा जा सकता था.
फिल्म की कमाई की बात करें तो बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने इंडिया में करीब 2.75 करोड़ रुपये कमाए थे और इसे ब्लॉकबस्टर बनी थी. इस फिल्म ने शशि कपूर और नंदा की जोड़ी को खास पहचान दिलाई और आनंद बख्शी के करियर को भी बड़ी उड़ान दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं