हिंदी सिनेमा में इन दिनों नई पीढ़ी के फिल्ममेकर्स अपनी अलग पहचान बना रहे हैं. इस कड़ी में शाहरुख खान के बेटे और वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के डायरेक्टर आर्यन खान ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पेज पर आर्यन खान को जगह मिली है. उनके साथ फिल्ममेकर पायल कपाड़िया और नागालैंड के निर्देशक थेजा रियो ने भी जगह हासिल की है. भारतीय सिनेमा को नई दिशा देने वाले तीन फिल्ममेकर्स को अपनी खास लिस्ट में शामिल किया है.
आर्यन खान की वेब सीरीज
आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो की फिल्म बनाने की शैली एक-दूसरे से काफी अलग है, लेकिन इनका काम भारतीय सिनेमा की बदलती तस्वीर को दिखाता है. आर्यन खान ने साल 2025 में वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था. नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज में उन्होंने बॉलीवुड की दुनिया, फिल्म इंडस्ट्री के अंदर की राजनीति और सितारों से जुड़ी कई बातों को व्यंग्य के अंदाज में दिखाया था. सीरीज को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसे अवॉर्ड समारोहों में भी पहचान मिली.
शाहरुख खान के लिए क्या बोले आर्यन
टाइम मैगजीन को दिए इंटरव्यू में आर्यन खान से पिता शाहरुख खान से उनकी तुलना को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि उनकी तुलना शाहरुख से होना उनके लिए कोई परेशानी की बात नहीं है. आर्यन ने अपने पिता को नंबर वन बताते हुए कहा कि उनके साथ तुलना होना उनके लिए तारीफ की तरह है. उन्होंने शाहरुख को 'बीस्ट' भी कहा.
आर्यन ने यह भी बताया कि उन्हें नए आइडिया को हकीकत में बदलना पसंद है. वह फिलहाल 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के दूसरे सीजन और एक अन्य प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं.
पायल कपाड़िया और थेजा रियो ने भी बनाई खास पहचान
इस लिस्ट में फिल्ममेकर पायल कपाड़िया का नाम भी शामिल है. उनकी फिल्म 'ऑल वी इमैजिन ऐज लाइट' को साल 2024 में कान फिल्म फेस्टिवल में ग्रां प्री पुरस्कार मिला था. फिल्म में मुंबई में रहने वाली तीन महिलाओं की जिंदगी दिखाई गई है. टाइम की इस लिस्ट में तीसरा नाम निर्देशक थेजा रियो का है. उनकी पहली फिल्म 'अंग' नागालैंड के कोन्याक समुदाय की जिंदगी और संस्कृति पर आधारित है. फिल्म में 1960 के दशक के एक गांव के मुखिया और उनके बेटे की कहानी दिखाई गई है.
यह भी पढ़ें | वैरायटी की 100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ ऑल टाइम की लिस्ट में बॉलीवुड का सिर्फ एक एक्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं