साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरु जल्द ही अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं. सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है. हाल ही में सामंथा की फिल्म मां इंटी बंगारम की सफलता के जश्न का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में कई फैंस ने सामंथा का बेबी बंप नोटिस किया, जिसके बाद उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. अब सामने आई जानकारी ने इन चर्चाओं को और मजबूती दे दी है. सामंथा और राज की जोड़ी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में रही है और अब उनके जीवन में आने वाली यह नई खुशखबरी चर्चा का विषय बन गई है.
शादी के बाद लगातार चर्चा में रही जोड़ी
सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरु ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन में बेहद निजी समारोह में शादी की थी. शादी में परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे. अभिनेत्री ने उसी दिन अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी की कुछ तस्वीरें साझा कर फैंस को यह खुशखबरी दी थी. दोनों की पहली मुलाकात और दोस्ती काम के दौरान हुई थी. वे लोकप्रिय वेब सीरीज द फैमिली मैन 2 में साथ काम कर चुके हैं. इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तब तेज हुईं जब सामंथा ने वर्ल्ड पिकलबॉल लीग की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें राज उनके साथ नजर आए थे. शादी के बाद भी दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया और फैंस उनकी केमिस्ट्री की जमकर तारीफ करते रहे.
Samantha pregnant agita pola 🥵 Adai raj yenga sammuva potu pregnant akitie da 🔥#samantha #samantharuthprabhu pic.twitter.com/V1Pe8Snf6M
— Billa_2 (@2_billa33825) June 20, 2026
‘मां इंटी बंगारम' से फिर साथ आए सामंथा और राज
हाल ही में रिलीज हुई मां इंटी बंगारम ने भी सामंथा और राज को एक बार फिर प्रोफेशनल तौर पर साथ ला दिया. इस फैमिली एक्शन-कॉमेडी फिल्म का निर्देशन नंदिनी रेड्डी ने किया है. इससे पहले नंदिनी और सामंथा ने 2019 की सफल फिल्म ओह! बेबी में साथ काम किया था. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले राज निदिमोरु और वसंत मरिंगंती ने लिखा है. फिल्म में सामंथा के अलावा गुलशन देवैया, दिगंत मंचाले, गौतमी तडिमल्ला, श्रीमुखी, मंजूषा और श्रीनिवास गाविरेड्डी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म की रिलीज के साथ-साथ सामंथा की प्रेग्नेंसी की खबर ने भी फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें: नई फिल्मों के बीच भी नहीं थमा ‘मैं वापस आऊंगा' का क्रेज, दूसरे हफ्ते में बढ़ाए गए शोज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं