मशहूर फिल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या ने खुलासा किया है कि उनकी सुपरहिट फिल्म 'हम आपके हैं कौन..!' का एक यादगार सीन उनके बचपन की एक सच्ची घटना से प्रेरित था. उन्होंने ये बात 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5' में कही. शो में अभिनेता आयुष्मान खुराना ने उनसे सलमान खान और माधुरी दीक्षित के उस मशहूर सीन के बारे में पूछा, जिसमें दोनों जूते चुराने के बाद भागते हैं और आखिर में बेड पर गिर जाते हैं, जिससे पलंग टूट जाता है.
सूरज बड़जात्या ने बताया कि यह घटना तब की है, जब वह 13 साल के थे और मुंबई में एक शादी में शामिल हुए थे. शादी के दौरान एक लड़की ने उनके चचेरे भाई को मार दिया. इसके बाद उनका भाई उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ा. भागते-भागते दोनों एक बेड पर गिर गए. यही घटना बाद में फिल्म के उस लोकप्रिय सीन की प्रेरणा बनी. उन्होंने बताया कि कई साल बाद उन्होंने इस बचपन की याद को 'हम आपके हैं कौन..!' में शामिल किया. फिल्म में सलमान खान, माधुरी दीक्षित, मोहनिश बहल और रेणुका शहाणे मुख्य भूमिकाओं में थे.
बातचीत के दौरान सूरज बड़जात्या ने अपने गुस्से के बारे में भी बात की. जब अर्चना पूरन सिंह ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें गुस्सा आता है, तो वहां मौजूद कलाकारों ने कहा कि वह बहुत कम नाराज होते हैं. हालांकि बड़जात्या ने मजाक में कहा कि अभिषेक और करीना उनके गुस्से के बारे में कुछ अलग कहानी सुना सकते हैं. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने किसी को सबसे ज्यादा कब डांटा था, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि इसके लिए सलमान खान से पूछना चाहिए कि उन्होंने उन्हें कितना डांटा है.
साल 1994 में रिलीज हुई 'हम आपके हैं कौन..!' हिंदी सिनेमा की सबसे सफल पारिवारिक फिल्मों में गिनी जाती है. फिल्म अपने परिवार-केंद्रित कहानी, शादी के दृश्यों और शानदार संगीत के लिए आज भी याद की जाती है. फिल्म के 'दीदी तेरा देवर दीवाना', 'पहला पहला प्यार', 'जूते दे दो पैसे ले लो' और 'चॉकलेट लाइम जूस' जैसे गाने आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. सूरज बड़जात्या और 'ये प्रेम मोल लिया' की स्टारकास्ट वाला 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का यह एपिसोड फिलहाल नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं