30 जुलाई को नितेश तिवारी की 'रामायण' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हुआ और साई पल्लवी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गईं. रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार के सामने सीता का रोल निभाने वाली इस एक्ट्रेस ने अपनी जानी-पहचानी नैचुरल ग्रेस और सादगी भरी स्क्रीन प्रेजेंस से सबका ध्यान खींचा है. फिल्म में उनके सीता माता के लुक की तस्वीरें मेकर्स ने शेयर की हैं, जिनमें उनकी खूबसूरती को काफी सराहा जा रहा है.

उनकी फोटो पर एक फैन ने लिखा है, माता सीता का रोल निभाने के लिए साई पल्लवी से बेहतर कोई नहीं हो सकता. वह स्क्रीन पर और असल जिंदगी में भी बहुत ग्रेसफुल और शानदार एक्ट्रेस हैं. वहीं एक अन्य ने लिखा, साई पल्लवी की पुरानी फ़िल्मों की याद दिलाती हैं.
इस खास मौके पर साई का एक पुराना इंटरव्यू याद आता है, जिसमें साई ने सिनेमा के जरिए आत्मविश्वास पाने से पहले अपने पिंपल्स, आवाज और लुक्स को लेकर अपनी असुरक्षा के बारे में खुलकर बात की थी. साई पल्लवी मेकअप से बचने और स्क्रीन पर अपनी नैचुरल स्किन और कर्ली बालों के साथ दिखने के लिए पसंद की जाती हैं. हालांकि, यह आत्मविश्वास आसानी से नहीं आया. 2015 की मलयालम ब्लॉकबस्टर 'प्रेमम' में फीमेल लीड के तौर पर चुने जाने के समय को याद करते हुए एक्ट्रेस ने माना कि उन्हें बहुत चिंता थी कि क्या दर्शक उन्हें स्वीकार करेंगे.

यह भी पढ़ें- विधवा विवाह पर बनी थी फिल्म, 3 गीतकारों ने लिखे गाने, लता ने दी आवाज, सुनकर रोया पूरा
उन्होंने कहा था, "मुझे चिंता थी कि क्या दर्शक 'प्रेमम' में मुझे लीड एक्ट्रेस के तौर पर स्वीकार करेंगे. मेरे पिंपल्स की वजह से मैं इनसिक्योर महसूस करती थी और लगातार सोचती रहती थी कि मैं स्क्रीन पर कैसी दिखूंगी. मुझे यह सोचकर भी बुरा लगता था कि जब मैं खुद को ही पसंद नहीं करती, तो लोग मुझे कैसे पसंद करेंगे, लेकिन मैंने रिस्क लिया और जैसे-तैसे फिल्म में काम किया."
'प्रेमम' में 'मलार' का उनका किरदार एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. दर्शकों ने न सिर्फ उनकी परफॉर्मेंस को बल्कि उस किरदार में उनके द्वारा लाए गए असलीपन (authenticity) को भी अपनाया. फिल्म की सफलता ने साई को यह एहसास दिलाया कि जिन चीजों को वह कमियां मानती थीं, वे एक एक्टर के तौर पर उनकी पहचान और ताकत बन सकती हैं.

यह भी पढ़ें- 'टॉक्सिक' स्टार कियारा आडवाणी की 7 तस्वीरें, हर एक फोटो पर हार बैठेंगे दिल, कहेंगे-यूं ही नहीं कही जाती स्टाइल आइकॉन
उन्होंने यह भी बताया कि उनकी असुरक्षाएं सिर्फ उनकी स्किन तक ही सीमित नहीं थीं. "मैं अपनी भारी आवाज (husky voice) को लेकर भी इनसिक्योर थी. मैंने कभी आइब्रो नहीं बनवाईं और न ही कभी बाल कटवाए. मेरे बाल दूसरों की तरह सिल्की और सॉफ्ट नहीं थे. एक्ट्रेस ने आगे याद किया कि कैसे फिल्ममेकर्स ने शुरू में उन्हें मेकअप करने की सलाह दी, लेकिन बाद में उसे हटाने के लिए कहा. "उसके बाद, मुझे कई ऑफर मिले. मेरे कई डायरेक्टर पहले मुझे मेकअप करने की सलाह देते थे, लेकिन फिर वे मुझसे मेकअप हटाने के लिए कहते थे और कहते थे कि तुम बिना मेकअप के ज्यादा अच्छी लगती हो." उन्होंने बताया, "इसीलिए मैं मेकअप से दूर रहती हूं और किरदार के ज्यादा करीब रहती हूं."

फिल्मों में साई की एंट्री अचानक हुई. कहा जाता है कि स्कूल के दिनों में उनके एक डांस परफॉर्मेंस को देखने के बाद एक एजेंसी ने उनसे संपर्क किया था. बाद में उन्होंने छोटे-मोटे रोल किए और फिर 'प्रेमम' फिल्म ने उन्हें एक लीड एक्ट्रेस के तौर पर पहचान दिलाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं