पिछले हफ्ते नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म धुरंधर के बाद दर्शकों ने फिल्म के हर पहलू पर बारीकी से ध्यान देना शुरू कर दिया. डायलॉग, बैकग्राउंड, लुक और यहां तक कि एंड क्रेडिट्स भी चर्चा का विषय बन गए. इसी दौरान रणवीर सिंह को लेकर एक पुरानी अफवाह फिर से वायरल हो गई कि वह फिल्मों की शूटिंग के दौरान तीन वैनिटी वैन इस्तेमाल करते हैं. दरअसल, यह चर्चा तब दोबारा शुरू हुई जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक यूजर ने फिल्म के एंड क्रेडिट्स का स्क्रीनशॉट शेयर किया. उस स्क्रीनशॉट में रणवीर के किरदार हम्जा के नाम से तीन वैन लिखी दिखाई दीं- हम्जा वैन, हम्जा स्टाफ वैन और हम्जा नॉर्मल वैन. इसे देखकर कई लोगों ने अंदाजा लगा लिया कि सेट पर रणवीर सिंह के लिए कई लग्जरी वैनिटी वैन मौजूद थीं.
हालांकि, एक प्रोडक्शन सूत्र ने इस दावे को गलत बताया. उन्होंने साफ किया कि यहां 'वैन' का मतलब वैनिटी वैन नहीं था, बल्कि शूट के दौरान इस्तेमाल होने वाली ट्रांसपोर्ट गाड़ियां थीं. बैंकॉक शेड्यूल के दौरान शूटिंग लंबी चली और कई आउटडोर लोकेशंस पर काम हुआ. ऐसे में कलाकार, स्टाफ और जरूरी सामान को अलग-अलग जगहों तक पहुंचाने के लिए एक वैनिटी वैन और दो सामान्य थाई ट्रांसपोर्ट वैन रखी गई थीं.
सूत्र ने यह भी बताया कि रणवीर सिंह ने फिल्म के लिए जबरदस्त शारीरिक ट्रांसफॉर्मेशन किया. कभी उन्होंने 15 किलो वजन घटाया, तो कभी 25 किलो बढ़ाया. लंबे शूट शेड्यूल के दौरान रोज 12 से 14 घंटे काम करना पड़ा. ऐसे में सेट पर जिम या खास डाइट की जरूरत पड़ना सामान्य बात है. यह किसी अतिरिक्त स्टार ट्रीटमेंट का मामला नहीं था, बल्कि रोल की मांग और शूट की जरूरत के अनुसार की गई व्यवस्था थी.
बताया गया कि धुरंधर और इसकी सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज की शूटिंग लगभग साथ में हुई थी. शुरुआत में इसे एक ही फिल्म के रूप में बनाया जा रहा था, लेकिन लंबाई ज्यादा होने की वजह से इसे दो हिस्सों में बांट दिया गया. रणवीर के कठिन ट्रांसफॉर्मेशन और सख्त शूटिंग शेड्यूल के कारण उनकी टीम का साथ रहना जरूरी था. सीक्वल के पोस्टर और टीजर सामने आने के बाद रणवीर सिंह का नया लुक फिर चर्चा में है. उनका किरदार पहले से ज्यादा डार्क, शार्प और इंटेंस दिखाई दे रहा है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: ऐश्वर्या से शादी और पलट गई किस्मत! फ्लॉप टैग हटाकर अभिषेक बच्चन कैसे बने 'स्क्रीन के जादूगर'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं