एक्टर रणदीप हुड्डा असम में हैं और शिवसागर में एक NGO के जरिए बाढ़ राहत सामग्री बांटने के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. शनिवार को एक्टर ने 'ग्लोबल सिखों' (Global Sikhs) के साथ मिलकर शिवसागर में बाढ़ से प्रभावित लोगों को राशन और दूसरी जरूरी चीजें बांटीं. असम में बाढ़ से अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग बेघर हो गए हैं.
शनिवार को रणदीप ने शिवसागर रेलवे स्टेशन पर बेघर हुए लोगों को जरूरी चीजें बांटीं. बाद में, एक्टर ने शिवसागर के गुरुद्वारा साहिब में भी मत्था टेका और बाढ़ प्रभावित असम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना की. लंगर के जरिए खाना खिलाते हुए, रणदीप हुड्डा ने वहां मौजूद मीडिया से कहा, "यह शिवसागर रेलवे स्टेशन है और आस-पास के इलाकों से कई प्रभावित परिवार यहां आए हैं.
इसलिए हम खाना बनाते हैं, उनके लिए लाते हैं और पिछले सात दिनों से हर रोज ऐसा कर रहे हैं. इंसानियत सबसे ऊपर है. मैं कई सालों से 'ग्लोबल सिखों' (Global Sikhs) नाम की इसी टीम के साथ काम कर रहा हूं, और वे जो जमीनी काम करते हैं. वह कमाल का है. मैं सभी से गुजारिश करूंगा कि वे लोगों की मदद के लिए जिस भी तरह से हो सके योगदान दें, न सिर्फ यहां, बल्कि जहां भी कोई समस्या हो. इंसान होने के नाते, दूसरे इंसानों की मदद करना हमारा फर्ज है. इसीलिए हम यहां हैं."
रणदीप ने हाल ही में सावरकर पर बनी फिल्म के निर्देशन के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता है. रणदीप ने कहा, उन्होंने और उनकी टीम ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए पहले ही कई बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम कर लिया है. एक्टर ने आगे कहा, "टीम ने पहले ही इस बात पर काफी रिसर्च की है कि उन्हें किस चीज की जरूरत है. ज्यादातर लोगों को रोजमर्रा की सुविधाओं, खाने और सोने की जगह, गद्दे और तिरपाल जैसी चीजों में तुरंत राहत की जरूरत होती है. इसलिए, हम किट बना रहे हैं और जिन्हें जरूरत होगी, उन्हें बांटेंगे. हमारी टीम ऐसे लोगों को भी ढूंढ रही है जिन्हें अभी तक मदद नहीं मिली है."
असम बाढ़ के बारे में
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में बाढ़ से अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पहले शुक्रवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उद्योगपति गौतम अडानी का आभार व्यक्त किया. अडानी ने राज्य में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत और पुनर्वास कार्यों में मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 करोड़ का योगदान दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं