धुरंधर 2 यानी धुरंधर द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसके लिए एक्टर्स की खूब तारीफ हो रही है. जबकि राकेश बेदी के जमील जमाली के किरदार को भी काफी पसंद किया जा रहा है. वहीं रणवीर सिंह की फिल्म में राजनीति, डायरेक्टर आदित्य धर और रणवीर सिंह को लेकर हाल ही में एनडीटीवी की वसुधा वेणुगोपाल से बातचीत में एक्टर राकेश बेदी ने रिएक्शन दिया और फिल्म को प्रोपगेंडा कहने वालों को जवाब दिया. राकेश बेदी ने कहा, मैं राजनीति में विश्वास नहीं करता. मुझे लगता है यह सिनेमा है. हर किसी को फिल्म को पसंद या नापसंद करने का हक है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि किसी को भी फिल्म को किसी भी कैटेगरी में डालना चाहिए कि यह सत्ता-समर्थक या सत्ता-विरोधी है. नतीजा यह है कि लोग इसे बहुत पसंद कर रहे हैं.
धुरंधर 2 को प्रोपगेंडा कहने वालों को राकेश बेदी का जवाब

आगे उन्होंने कहा, "हाल ही में, इंदिरा गांधी और (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी पर एक फिल्म आई थी. ये फिल्में दो दिन भी नहीं चल पाईं. धुरंधर की लेखन-शैली और पटकथा जबरदस्त है. लोगों ने पहले कभी इतने बड़े पैमाने पर बनी कोई फिल्म नहीं देखी है. उम्मीदें तो पहले से ही थीं, और अब वे पूरी भी हो गई हैं. हर कोई इस फिल्म की बहुत तारीफ कर रहा है. अब तो दिन-रात लगातार इतने सारे शो चल रहे हैं..."
राकेश बेदी ने की फैंस से गुजारिश

उन्होंने कहा "अभी जो चल रही है यह एक जबरदस्त दीवानगी है. कम से कम मैंने तो अपने करियर में ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा. बहुत से लोगों ने किसी फिल्म के लिए इस तरह की दीवानगी, पागलपन और जोश पहले कभी नहीं देखा होगा." आगे राकेश बेदी ने फैंस से गुजारिश की कि वो फिल्म देखने के लिए थिएटर में आएं और क्लाइमैक्स किसी को न बताए.
धुरंधर 2 के बारे में
धुरंधर 2 या धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. जबकि फिल्म के स्पेशल शोज 18 मार्च को रखे गए थे. फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई धुरंधर का सीक्वल है, जिसमें राकेश बेदी के अलावा रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और दानिश अहम किरदार में नजर आ रहे हैं.
ये भी पढे़ं- Dhurandhar 2 के बड़े साहब को देख उड़ जाएंगे होश, रणवीर सिंह की फिल्म देख कहेंगे 'ये बड़े साहब नहीं मरे साहब है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं