सनातन धर्म के लिए बैशाख मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि बेहद खास है. इस दिन माता सीता का जन्मोत्सव मनाया जाता है. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की पत्नी और राजा जनक की पुत्री माता सीता का चरित्र सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और प्रेरणादायक माना जाता है. उनकी करुणा, त्याग और पतिव्रता की भावना को कई बार टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में दिखाया गया है. कुछ अभिनेत्रियों ने इस किरदार को इतनी अच्छी तरह निभाया कि दर्शक उन्हें आज भी माता सीता के रूप में याद करते हैं, जबकि कुछ को चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा. सीता नवमी के इस खास अवसर पर आइए जानते हैं उन अभिनेत्रियों के बारे में जिन्होंने पर्दे पर जनक नंदिनी का किरदार निभाया.
90s की रामायण की सीता की सादगी ने जीता फैंस का दिल

सबसे चर्चित नाम है दीपिका चिखलिया. रामानंद सागर के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘रामायण' में उन्होंने माता सीता का रोल किया. यह सीरियल इतना लोकप्रिय हुआ कि लॉकडाउन के दौरान दोबारा प्रसारित होने पर इसके पुराने टीआरपी रिकॉर्ड टूट गए. दीपिका को सीता के रूप में इतना प्यार मिला कि कई लोग उनकी पूजा तक करने लगे. आज भी उन्हें सबसे यादगार सीता माना जाता है. यही नहीं मॉडर्न ड्रेस पहनने पर उन्हें कई बार आलोचनाओं का सामना तक करना पड़ा.
ये भी पढे़ं- 38 की उम्र में पहली प्रेग्नेंसी को दीपिका पादुकोण ने बताया था कॉम्पलिकेटेड, कहा- 8-9 महीने बहुत सहा
स्मृति ईरानी भी बनीं थीं सीता

इसके बाद स्मृति ईरानी का नाम आता है. साल 2002 में बीआर चोपड़ा और रवि चोपड़ा के टीवी शो ‘रामायण' में स्मृति ईरानी ने माता सीता का किरदार निभाया. इसमें श्री राम का रोल नीतिश भारद्वाज ने किया था. हालांकि, इस धारावाहिक को रामानंद सागर के संस्करण जितनी सफलता नहीं मिली, लेकिन दर्शकों ने इसे अच्छी प्रतिक्रिया दी. स्मृति बाद में राजनीति में सक्रिय हुईं, लेकिन यह रोल आज भी उनके करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
सीता के रोल में नजर आईं नेहा सरगम

साल 2012 में सागर पिक्चर्स के बैनर तले ‘रामायण : सबके जीवन का आधार' नामक धारावाहिक में अभिनेत्री नेहा सरगम ने सीता का किरदार निभाया। दर्शकों को उनका अभिनय पसंद आया, लेकिन यह सीरियल ज्यादा लंबा नहीं चला.
रामानंद सागर के बेटे की रामायण में सीता बनीं देबीना बनर्जी

रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर ने 2008 में नया ‘रामायण' धारावाहिक बनाया. इसमें गुरमीत चौधरी श्री राम बने तो माता सीता का रोल देबीना बनर्जी ने किया. इस शो के दौरान दोनों कलाकारों में प्रेम हुआ और 2011 में उन्होंने शादी भी कर ली. धारावाहिक में संवाद लगभग मूल संस्करण जैसे ही रखे गए थे, जिससे दर्शकों को अच्छा लगा.
नयनतारा भी बनीं माता सीता

दक्षिण भारतीय सिनेमा में नयनतारा का नाम खास है. साल 2011 में तेलुगु फिल्म ‘श्री राम राज्यम' में नयनतारा को माता सीता का किरदार मिला. हिंदी में दीपिका चिखलिया की तरह दक्षिण की भाषाओं में नयनतारा को सीता के बेहतरीन अभिनय के लिए याद किया जाता है. फिल्म के संवाद और विजुअल्स दोनों ही शानदार थे.
कृति सेनन बनीं थीं राम सीता

बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने वाली आदिपुरुष में कृति सेनन ने माता सीता का रोल निभाया था. हालांकि वह फैंस के दिलों में जगह नहीं बना पाईं.
ये भी पढे़ं- खलनायक 2 का ऐलान, संजय दत्त की 33 साल पहले आई थी खलनायक, खूब की थी कमाई, लेकिन विवादों में अटकी थी रिलीज
साउथ एक्ट्रेस सीता माधव बनीं सीता
इनके अलावा, 1996 में तेलुगू फिल्म ‘बाल रामायणम' में स्मिता माधव ने बाल कलाकारों के साथ सीता का रोल किया. इस फिल्म में जूनियर एनटीआर ने बाल राम का किरदार निभाया था. शिल्पा मुखर्जी ने 1997 में ‘जय हनुमान' में, नम्रता थापा ने ‘रावण' में, मदिराक्षी मुंडले ने ‘सिया के राम' में और शिव्या पठानिया ने ‘राम सिया के लव कुश' में माता सीता का किरदार निभाया.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं