ब्यूटी पेजेंट का स्टेज अक्सर परफेक्शन का दूसरा नाम माना जाता है, जहां हर मुस्कान, हर स्टेप और हर एक्सप्रेशन परफेक्ट होना चाहिए. लेकिन कभी-कभी एक छोटा सा अनएक्सपेक्टेड मोमेंट ही किसी को सबसे अलग बना देता है. ऐसा ही कुछ हुआ कमोलवान चनागो के साथ, जब वो मिस ग्रैंड थाईलैंड 2026 के प्रीलिमिनरी राउंड में स्टेज पर अपना इंट्रो दे रही थीं. अचानक उनके नकली दांत यानी वेनियर्स फिसलकर बाहर आ गए. ये पल किसी के लिए भी बेहद शर्मिंदगी भरा हो सकता था, लेकिन कमोलवान ने इसे जिस अंदाज में संभाला, वही उन्हें खास बना गया.
एक सेकंड का ठहराव, फिर वही दमदार वापसी
जैसे ही ये हुआ, कमोलवान ने बिना घबराहट दिखाए हल्का सा साइड लिया, अपने वेनियर्स ठीक किए और फिर उसी कॉन्फिडेंस के साथ अपना इंट्रो जारी रखा. उनके चेहरे पर ना झिझक थी, ना घबराहट. इसके बाद उन्होंने रैंप वॉक भी पूरे ग्रेस के साथ की और मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज दिया.
तालियों से गूंज उठा पूरा हॉल
उनकी इस हिम्मत ने वहां बैठे लोगों को काफी इंप्रेस किया. ऑडियंस ने जोरदार तालियों से उनका हौसला बढ़ाया. सोशल मीडिया पर भी लोग उनके कॉन्फिडेंस के फैन हो गए. कई यूजर्स ने लिखा कि जहां लोग छोटी-सी गलती पर भी नर्वस हो जाते हैं, वहीं उन्होंने इतनी बड़ी स्थिति को बेहद शानदार तरीके से संभाल लिया.
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा
27 मार्च को इस वीडियो को The Urban Herald ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और देखते ही देखते ये वायरल हो गया. अब हर तरफ कमोलवान के कॉन्फिडेंस की चर्चा हो रही है. वहीं 28 मार्च को बैंकॉक में फाइनल होने वाला है, जहां सरुनरत गोटचाबेल पुआगपिपट विजेता को ताज पहनाएंगी, लेकिन उससे पहले ही ये पल लोगों के बीच खास बन गया है.
यह भी पढ़ें: ‘बिलियनेयर' में दिखेगा असली घोटालों का खेल, अर्जुन रामपाल निभा रहे विजय माल्या और ललित मोदी से प्रेरित रोल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं