विज्ञापन

16 साल बाद 37 साल की ईरानी एक्ट्रेस ने छोड़ा भारत, बोलीं- बहुत मुश्किल, अब घर जैसा महसूस नहीं होता

करीब 16 साल तक भारत में रहने के बाद अभिनेत्री मंदाना करीमी ने देश छोड़ने का फैसला कर लिया है. सोशल मीडिया पर अचानक सामने आई इस खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया.

16 साल बाद 37 साल की ईरानी एक्ट्रेस ने छोड़ा भारत, बोलीं- बहुत मुश्किल, अब घर जैसा महसूस नहीं होता
मंदाना करीमी ने छोड़ा देश

करीब 16 साल तक भारत में रहने के बाद अभिनेत्री मंदाना करीमी ने देश छोड़ने का फैसला कर लिया है. सोशल मीडिया पर अचानक सामने आई इस खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया. मंदाना ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान एयरपोर्ट से एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह भारत को अलविदा कह रही हैं. उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का बेहद मुश्किल फैसला बताया. अभिनेत्री ने कहा कि भारत उनके लिए दूसरा घर था, लेकिन अब वह एक नई शुरुआत करने जा रही हैं. मंदाना की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनके फैसले को लेकर चर्चा कर रहे हैं और कई फैंस भावुक प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.

सुरक्षा कारणों से लिया बड़ा फैसला

मंदाना करीमी ने इससे पहले भी संकेत दिए थे कि वह भारत छोड़ सकती हैं. इस साल NDTV को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि वह सुरक्षा कारणों की वजह से देश छोड़ने का फैसला ले रही हैं. हालांकि उन्होंने विस्तार से जानकारी देने से इनकार किया था, लेकिन कहा था कि ईरान के मुद्दों पर खुलकर बोलने और अधिकारियों की आलोचना करने की वजह से उन्हें लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

अभिनेत्री ने कहा कि वह कई सालों से अपने लोगों और ईरान के समर्थन में आवाज उठा रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अब भारत में रहना उनके लिए पहले जैसा सहज नहीं रहा. मंडाना ने इंटरव्यू में यह भी स्वीकार किया कि उन्हें लंबे समय से धमकियां मिलती रही हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलीं, तो उन्होंने जवाब दिया, “हमेशा.”

‘भारत अब घर जैसा महसूस नहीं होता'

मंदाना करीमी ने यह भी कहा कि इस कठिन दौर में उन्हें किसी का खास समर्थन नहीं मिला. उन्होंने बताया कि न दोस्तों, न सरकार और न ही मीडिया से उन्हें वैसा साथ मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी. अभिनेत्री के मुताबिक, यही वजह है कि अब भारत उन्हें अपना घर जैसा महसूस नहीं होता. मंदाना ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने जो भी किया, वह अपने देश ईरान, अपने लोगों और अपने संघर्ष के लिए किया. उन्होंने यह भी कहा कि अगर दोबारा मौका मिले तो वह फिर वही रास्ता चुनेंगी, चाहे उन्हें किसी का समर्थन मिले या नहीं.

यह भी पढ़ें: करिश्मा कपूर का बेटा आज करोड़ों का मालिक, क्यूट से हुआ 33 साल का जेंटलमैन, 24 साल बाद देख खुशी से झूमे फैंस

वर्कफ्रंट की बात करें तो मंदाना करीमी आखिरी बार थार में नजर आई थीं. फिल्म में अनिल कपूर और हर्षवर्धन कपूर भी अहम भूमिकाओं में थे. अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि मंदाना अपने नए देश और नई जिंदगी में क्या नया करने वाली हैं.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com