सोनी मराठी के ‘कोण होणार करोडपती' में सवाल-जवाब के बीच अक्सर ऐसी बातचीत छिड़ जाती है, जो दर्शकों को अपने पसंदीदा सितारों की ज़िंदगी और करियर के अनसुने किस्सों से रूबरू कराती है. माधुरी दीक्षित का अपनापन और सहज अंदाज इन मुलाकातों को और खास बना देता है. हाल ही में सचिन पिलगांवकर और मधुराणी गोखले हॉट सीट पर पहुंचे, तो खेल के साथ पुरानी यादों का सिलसिला भी चल पड़ा. इसी दौरान माधुरी ने सचिन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘प्रेम दीवाने' का जिक्र किया और पूछा कि उन्होंने इंस्पेक्टर के किरदार के लिए माधुरी को ही क्यों चुना था. इसके अलावा शो में एक्टर अशोक सराफ ने माधुरी 16 साल की उम्र में अबोध फिल्म की शूटिंग का किस्सा भी सुनाया.
16 साल की उम्र में माधुरी दीक्षित ने की थी फिल्म
दिग्गज एक्टर अशोक सराफ ने फिल्म इंडस्ट्री में माधुरी दीक्षित के शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने फिल्म 'अबोध' में साथ काम किया था, तब माधुरी दीक्षित सिर्फ 16 साल की थीं और अपनी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं. अशोक सराफ ने क्विज शो 'कोण होणार करोडपती' में माधुरी के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात की. वे वहां अपनी फिल्म 'आदि अनंत' के प्रचार के लिए संकर्षण करहाडे के साथ पहुंचे थे.
अपने पहले साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए अशोक सराफ ने बताया कि उनकी मुलाकात माधुरी से कई साल पहले 'अबोध' के सेट पर हुई थी, जो उनकी पहली फिल्म थी. बातचीत के दौरान माधुरी ने भी अपनी पढ़ाई और पहली फिल्म के बीच तालमेल बैठाने की यादें साझा कीं. उन्होंने बताया कि उस समय वह 12वीं कक्षा में थीं और उन्हें अपनी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करनी थी. माधुरी ने बताया था , "उस समय मेरी 12वीं की परीक्षाएं थीं, इसलिए हमारी शूटिंग को मई तक के लिए टाल दिया गया था."
अशोक सराफ उन्हें 'मैडम' कहकर बुला रहे थे, जिस पर माधुरी ने उनसे कहा कि इतनी औपचारिकता की जरूरत नहीं है और वे उन्हें उनके नाम से बुलाएं. उन्होंने कहा, "आप मुझे 'मैडम' क्यों कह रहे हैं? मुझे माधुरी कहिए." अशोक सराफ ने बताया कि वह उन्हें 'मैडम' इसलिए कह रहे थे क्योंकि वह होस्ट की कुर्सी पर बैठी थीं. उन्होंने कहा कि अगर वे बाहर कहीं मिलते तो वह उनसे और भी सहज होकर बात करते. माधुरी ने बताया कि 'अबोध' के बाद, उनकी अशोक सराफ से अगली मुलाकात फिल्म 'कोयला' के समय हुई थी.
प्रेम दीवाने में माधुरी दीक्षित को क्यों चुना
उस दौर में माधुरी की छवि मुख्य रूप से डांस और रोमांटिक किरदारों से जुड़ी थी. ऐसे में ‘प्रेम दीवाने' में इंस्पेक्टर की भूमिका उनके लिए कुछ अलग करने का मौका लेकर आई थी. उस फैसले को याद करते हुए माधुरी ने पूछा, “सचिन जी, हमने साथ में एक फिल्म की थी, जिसका निर्देशन आपने किया था. उसका नाम था ‘प्रेम दीवाने'. आपने मुझे उसमें इंस्पेक्टर का किरदार दिया था, जबकि तब तक मेरी छवि ज़्यादातर डांस और रोमांस से जुड़ी थी. ऐसे में इस किरदार के लिए मेरे नाम का खयाल आपको कैसे आया?”
सचिन के जवाब ने इस कास्टिंग के पीछे की दिलचस्प कहानी सामने रख दी. दरअसल, फिल्म ‘अबोध' में माधुरी का अभिनय उन्हें इतना पसंद आया था कि उन्हें भरोसा था कि वह इस अलग तरह के किरदार को भी बखूबी निभा सकती हैं. सचिन ने बताया, “मैंने उससे पहले आपकी फिल्म ‘अबोध' देखी थी और उसमें आपका अभिनय मुझे बहुत पसंद आया था. मैंने कहा, ‘नहीं, मुझे माधुरी ही चाहिए.' जब मुझसे पूछा गया कि इस किरदार के लिए माधुरी ही क्यों, तो मैंने कहा, ‘अगर वह उस किरदार को निभा सकती हैं, तो यह भी बखूबी निभा लेंगी.'” खुद पर जताए गए इस भरोसे के लिए आभार व्यक्त करते हुए माधुरी ने कहा, “मुझ पर इतना भरोसा करने और मुझे कुछ अलग करने का मौका देने के लिए आपका बहुत धन्यवाद.”
अबोध फिल्म के बारे में
1984 में रिलीज हुई फिल्म 'अबोध' से माधुरी दीक्षित ने बॉलीवुड में कदम रखा था. बाद में 1997 में आई फिल्म 'कोयला' के दौरान उनकी फिर से अशोक सराफ से मुलाकात हुई. 'कोयला' में शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिकाओं में थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं