फिल्म 'मैरी कॉम' की सफलता के बाद अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने निर्माता का चोगा पहनकर जल्द ही अपनी पहली फिल्म 'मैडमजी' शुरू करने की योजना बनाई थी, जिसके निर्देशन की बागडोर मधुर भंडारकर को सौंपी जानी थी, लेकिन ख़बर आ रही है कि अब यह फिल्म बक्से में बंद हो गई है।
दरअसल 'मैडमजी' को रोकने का निर्णय लिया गया है, क्योंकि ऐसी ही कहानी के साथ एक फिल्म पहले से बन रही है। वह फिल्म मल्लिका शेरावत की 'डर्टी पॉलिटिक्स' है, जिसे केसी बोकाडिया बना रहे हैं। प्रियंका की फिल्म 'मैडमजी' की कहानी एक बार-डांसर अनोखी देवी की है, जो राजनीति की पटरी पर चल पड़ी थी और कामयाबी हासिल की थी, जबकि मल्लिका की 'डर्टी पॉलिटिक्स' राजस्थान में हुए भंवरी देवी हत्याकांड से प्रेरित है। यानि, दोनों फिल्मों की कहानी करीब-करीब एक जैसी है।
'मैडमजी' की शूटिंग दिसंबर, 2014 में ही शुरू होने वाली थी, मगर फिल्म 'बाजीराव' की शूटिंग में व्यस्त होने के कारण 'मैडमजी' की शूटिंग अप्रैल तक टाल दी गई थी। मगर अब बताया जा रहा है कि मधुर भंडारकर भी इस फिल्म की कहानी में बदलाव करके बनाना नहीं चाहते हैं, इसलिए अब 'मैडमजी' के शुरू होने के आसार खत्म नजर आ रहे हैं।
वैसे, इस फिल्म को लेकर प्रियंका चोपड़ा काफी उत्साहित थीं, क्योंकि 'मैरी कॉम' की सफलता के बाद तुरंत ही उन्हें महिलाप्रधान फिल्म मिल गई थी, जिसके जरिये वह राष्ट्रीय पुरस्कार की आस लगा सकती थीं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं