साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय की सबसे चर्चित और अंतिम तमिल फिल्म 'जय नायकन' लीक के खिलाफ पूरा साउथ सिनेमा एकजुट हो गया है. फिल्म के रिलीज से पहले ही लीक हो जाने को लेकर सभी का गुस्सा फूट रहा है. चिरंजीवी, कमल हासन, और रजनीकांत के बाद अब विजय देवरकोंडा ने गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने अपने साथ हुई घटना का भी जिक्र किया है. विजय देवरकोंडा की फिल्म 'डियर कॉमरेड' भी रिलीज के एक बाद सोशल मीडिया पर लीक हो गई थी. इससे फिल्म के कनेक्शन पर बड़ा प्रभाव पड़ा था. अब उन्होंने थलपति विजय की फिल्म जय नायकन के लीक होने पर दुख और गुस्सा दोनों जाहिर किया है.
विजय देवरकोंडा को आया गुस्सा
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जय नायकन के लीक से मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है. अपने करियर की शुरुआत में ही मैंने इस तरह की घटना का दर्द और दुख झेला है. ऐसा लगता है जैसे आप निशाने पर हैं, उम्मीदें खत्म हो गई हैं. यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, बल्कि मेरे साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और कई अन्य लोगों के सपने भी दांव पर लगे हैं."
ये भी पढे़ं- समय रैना के एपिसोड के बाद अमिताभ बच्चन का क्रिप्टिक पोस्ट, लिखा- सब कुछ छोड़कर आराम से बैठ जाते हैं
फिल्म लीक करने वालों के लिए लिखा कड़ा मैसेज
अभिनेता ने उन लोगों के पहचान करने पर भी जोर दिया, जो फिल्मों को लीक करने का काम कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर उन्हें रोका नहीं गया तो वे सिनेमा को नुकसान पहुंचाते रहेंगे. उन्होंने आगे लिखा, "इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए और इसके पीछे के लोगों की पहचान की जानी चाहिए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है. यह हमें बार-बार याद दिलाता है कि लोग कितने असंवेदनशील हो सकते हैं और कुछ लोग बिना सोचे-समझे दूसरों को नुकसान पहुंचाने के लिए किस हद तक जा सकते हैं. मैं फिल्म की पूरी टीम के प्रति अपनी संवेदना और बिना शर्त समर्थन व्यक्त करता हूं."
बता दें कि विजय देवरकोंडा की फिल्म डियर कॉमरेड भी पाइरेसी का शिकार हो गई थी. फिल्म को ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया, जिससे फिल्म का सारा सस्पेंस खुल गया. इससे अभिनेता बहुत दुखी हुए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दुख भी व्यक्त किया.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं