मशहूर गीतकार समीर अंजान ने फिल्मफेयर के साथ एक इंटरव्यू में बॉलीवुड के उन अनोखे किस्सों को शेयर किया, जो दर्शकों को हैरान कर देते हैं. उन्होंने खास तौर पर डेविड धवन की 1997 की फिल्म 'हीरो नंबर 1 (Hero No 1)' के गाने "मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से, तेरे बाप के डर से" का जिक्र किया, जो आज भी पार्टियों और शादियों में बजता है. लेकिन इस गाने में कुछ ऐसा झोल है शायद आप ने भी ध्यान नहीं दिया होगा. अब समीर से ही जानें इस सुपरहिट गाने में क्या है गड़बड़.
29 साल बाद समीर अंजान का खुलासा
जब फिल्मफेयर के साथ इस इंटरव्यू में गानों से जुड़ी किसी गड़बड़ के बारे में पूछा गया तो समीर ने एक बहुत ही मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने बताय, "कई बार तो ऐसा हुआ एक गाना जो मुझे बिल्कुल पसंद नहीं था. वो सुपरहिट भी हो गया. जैसे बहुत से गाने तो मैंने ऐसे भी लिखे कि मुझे मालूम था मैं गलत गाना लिख लिख रहा हूं. मगर डायरेक्टर ने बोला कि नहीं हमको यही चाहिए और उस बेबसी में मुझे लिखना पड़ा."
जब डेविड धवन की इस जिद से परेशान हो गए थे गीतकार समीर
समीर ने इसका उदाहरण देते हुए कहा, "मैंने डेविड धवन को एक मुखड़ा सुना दिया. उसको मुखड़ा बहुत पसंद आ गया. अब वो अड़. नहीं ये मुखड़ा तो मुझे चाहिए. मैंने कहा अरे डेविड तेरी पिक्चर में नहीं जाएगा. ये सिचुएशन गलत है. इसमें यह तू कैसे डालेगा? लेकिन वह नहीं माने और कहा कि नहीं तू दे मुझे. मैंने बोला भाई तुझे नहीं लोग मुझे गाली देंगे कि समीर पागल हो गया. वो माने ही नहीं. बोले तू मुझे गाना दे. मैं रिकॉर्ड करके डालता हूं. यह गाना सुपरहिट होगा इसके बाद अगर तुझे किसी ने यह पूछ लिया कि आपने यह बेवकूफी कैसे की तो मैं उस दिन से डायरेक्शन छोड़ दूंगा."
हीरो नंबर वन का सॉन्ग
सही साबित हुए डेविड, चली गई गलत जानकारी
इस तरह समीर समझ गए कि डेविड धवन नहीं मानने वाले. समीर बताते हैं, 'मैंने भाई कौन से माइंडसेट से आदमी बात कर रहा है मेरी समझ में नहीं आया. मुखड़ा सुना चुका था. गाना दे दिया. गाना सुपरहिट है. अब मैं बताता हूं गाना कौन सा है. 'मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से तेरे बाप के डर से' और पिक्चर में बाप है ही नहीं. कैन यू इमेजिन दिस. मगर आज तक सिंगल आदमी ऐसा नहीं मिला जिसने सचमुच मुझसे पूछा हो कि सर यह कैसे लिख दिया आपने. यार उस पिक्चर में फादर तो है नहीं. फिल्म में तो उसका दादा है."
हीरो नंबर 1 का बजट और कलेक्शन
हीरो नंबर 1 के बजट की बात करें तो बॉक्स ऑफिस इंडिया डॉट कॉम के मुताबिक ये लगभग 6 करोड़ 75 लाख रुपये थे. फिल्म ने 30 करोड़ 95 लाख रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था. फिल्म 21 फरवरी 1997 को रिलीज हुई थी.
समीर का ये गाना डेविड धवन की 1997 में रिलीज हुई फिल्म हीरो नंबर वन का है. इस फिल्म में गोविंदा और करिश्मा कपूर पर इस गाने को फिल्माया गया था. इस तरह हिंदी फिल्मों के गाने और उनसे जुड़ी कहानियां काफी दिलचस्प होती हैं, बिल्कुल हिंदी फिल्मों की तरह.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं