विज्ञापन

बिहार से निकला छठ अब बॉलीवुड तक पहुंचा, नीतू चंद्रा ने बताया फिल्मों में क्यों पॉपुलर हो रहा ये महापर्व

बिहार का लोकपर्व छठ पूजा अब सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा का भी हिस्सा बनता जा रहा है. अभिनेत्री और निर्माता नीतू चंद्रा का मानना है कि छठ की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे उनके जैसे कलाकारों के वर्षों के प्रयास भी रहे हैं.

बिहार से निकला छठ अब बॉलीवुड तक पहुंचा, नीतू चंद्रा ने बताया फिल्मों में क्यों पॉपुलर हो रहा ये महापर्व
बिहार से निकलकर बॉलीवुड तक पहुंचा छठ

छठ पूजा का त्योहार 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. बिहार से शुरू हुआ यह पर्व अब देश की सीमाओं से निकलकर दुनिया भर में अपनी पहचान बना चुका है. इसकी बढ़ती लोकप्रियता का असर अब भारतीय सिनेमा में भी दिखाई देने लगा है. सालों से होली, दिवाली, रक्षाबंधन, गणेशोत्सव और करवा चौथ जैसे त्योहार हिंदी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन छठ पूजा को फिल्मों में अपेक्षाकृत कम जगह मिली. हालांकि, अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है. हाल ही में आई फिल्म ‘वन' और सूरज बड़जात्या की आने वाली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया' में भी छठ पूजा पर आधारित गाना फिल्माया गया है.

छठ पूजा की बढ़ती लोकप्रियता और बॉलीवुड में इसे मिल रही जगह पर बिहार से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री और निर्माता नीतू चंद्रा ने एनडीटीवी से खास बातचीत की. हिंदी फिल्मों और हॉलीवुड में काम करने के बावजूद नीतू ने अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखा है. उन्होंने छठ पूजा पर कई म्यूजिक वीडियो बनाए हैं. इतना ही नहीं, वह छठ पूजा के इर्द-गिर्द घूमती कहानी पर एक फिल्म का निर्माण भी कर चुकी हैं.

छठ पूजा को लोकप्रिय बनाने में अपनी भूमिका मानती हैं नीतू

नीतू चंद्रा से जब पूछा गया कि क्या होली, दिवाली जैसे त्योहारों के बाद अब बॉलीवुड का रुझान भी छठ पूजा की तरफ बढ़ रहा है, तो उन्होंने इस लोकप्रियता के पीछे अपने प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “मैं बहुत राजनीतिक रूप से सही बात न करके एक बात बताऊं, तो कहीं न कहीं इसका बीज हमने ही बोया है. जब हमने 10-12 साल पहले छठ पर वीडियो बनाने शुरू किए थे, तब लोगों ने उनकी सराहना करनी शुरू की और धीरे-धीरे आप देखिए, पूरी दुनिया में छठ मनाया जाने लगा.”

इंटरनेट के जरिए दुनिया भर में पहुंचे छठ के वीडियो

नीतू ने बताया कि उनके बनाए वीडियो इंटरनेट के माध्यम से किस तरह दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचे. उन्होंने छठ पूजा के खुले स्थानों पर मनाए जाने की परंपरा को भी इसकी लोकप्रियता की एक वजह बताया. उन्होंने कहा, “हमारे वीडियो इंटरनेट के माध्यम से पूरी दुनिया में पहुंचे. आप देखिए कि उन्हें लाखों-करोड़ों व्यूज मिले हैं. बहुत सारे लोग जब छठ मनाना शुरू करते हैं, तो इसकी एक खास बात है कि यह ऐसा पर्व है जिसे खुले स्थानों पर मनाया जाता है, घरों के अंदर नहीं. ऐसे में सबकी नजर पड़ती है कि अरे, यह क्या है? इस तरह यह लोकप्रिय हो जाता है.”

छठ की लोकप्रियता को बॉलीवुड भी भुनाना जानता है

नीतू चंद्रा का मानना है कि छठ पूजा की बढ़ती लोकप्रियता ने फिल्म निर्माताओं का ध्यान भी इस पर्व की ओर खींचा है. उन्होंने कहा, “जब कोई चीज लोकप्रिय होती है, तो बॉलीवुड उसे व्यावसायिक रूप से कैसे इस्तेमाल कर सकता है, यह अच्छी तरह जानता है. आप खुद सोचकर देखिए, छठ पूजा इतनी लोकप्रिय हो गई है कि अगर निर्माता इसे फिल्मों में शामिल करने के बारे में सोचते हैं, तो छठ के जितने भी श्रद्धालु हैं, वे तो फिल्म देखेंगे ही, उनके परिवार भी देखेंगे. इसके अलावा पूरी दुनिया में छठ इतना लोकप्रिय हो चुका है. कहीं न कहीं इसका बीज हमने बोया है.”

फिल्मों में छठ पूजा को जगह मिलना गर्व की बात

नीतू चंद्रा ने हिंदी फिल्मों में छठ पूजा को मिल रही जगह पर खुशी जाहिर की. उनके मुताबिक, यह इस पर्व की बढ़ती पहचान और इसे मिल रहे महत्व का संकेत है. उन्होंने कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से महसूस करती हूं कि छठ को अब फिल्मों में जिस तरह भी दिखाया जा रहा है, यह गर्व की बात है, खुशी मनाने की बात है कि चलिए, आज आपने छठ को इतनी तवज्जो दी, इतना महत्व दिया.”

नीतू ने यह भी उम्मीद जताई कि फिल्म निर्माता छठ पूजा को पर्दे पर दिखाते समय इसकी परंपराओं और रीति-रिवाजों का पूरा ध्यान रखेंगे. उन्होंने कहा, “अब कौन मना रहा है, क्या बना रहा है और कैसे बना रहा है, यह तो पूरी पारंपरिक तरीके से ही बनाएंगे. मुझे पूरा यकीन है कि अच्छी तरह रिसर्च करने के बाद ही इसे बनाया जा रहा है. लेकिन फिल्मों में अब इसे शामिल किया जा रहा है, तो सोचिए कि छठ की लोकप्रियता कितनी बढ़ गई है कि इसे फिल्मों की कहानियों के माध्यम से उतारा जा रहा है.”

ये भी पढ़ें: दहेज प्रथा पर यूपी-बिहार का भोजपुरी गाना, शादी में दूल्हे ने की हाथी-घोड़ा-हीरो हौंडा की डिमांड, महिलाएं बोलीं- लगायब चार डंडा, दिमाग होबे ठंडा

हर त्योहार की एक अलग अहमियत है और सिनेमा इन त्योहारों को अपनी कहानियों का हिस्सा फ़िल्म को रोचक मोड़ देने के लिए करता आया है और उसे हमेशा तलाश रहती है कुछ नई चीज़ों की ताकि दर्शकों को आकर्षित कर सके और इस लिहाज़ से छट भारतीय सिनेमा के लिए एक नया त्योहार है ख़ासकर बॉलीवुड के लिए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neetu Chandra, Entertainment, Bhojpuri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com