विज्ञापन

फराह खान ने दिखाया अनन्या बिड़ला का शाही आशियाना, 425 करोड़ का जतिया हाउस किसी महल से नहीं कम 

फराह खान ने अपने शो फूड विद फराह में अनन्या बिड़ला के 425 करोड़ रुपये के आलीशान मुंबई स्थित घर 'जतिया हाउस' का टूर कराया. 20,000 से 25,000 स्क्वायर फुट में फैले इस महल जैसे घर को देखकर फराह भी हैरान रह गईं.

फराह खान ने दिखाया अनन्या बिड़ला का शाही आशियाना, 425 करोड़ का जतिया हाउस किसी महल से नहीं कम 
फराह खाने ने दिखाया 425 करोड़ का जतिया हाउस जिसमें रहती हैं अनन्या बिड़ला
Ananya Birla/ Instagram, Farah Khan/ YouTube
नई दिल्ली:

फराह खान हमेशा ही अपने शो फूड विद फराह में अलग-अलग सेलेब्स के घर जाती हैं, मस्ती करती हैं, अच्छा खाना खाती हैं और फिर उनके घर का टुअर कराती हैं. उनके वीडियो वाकई मजेदार होते हैं. हाल ही में फराह खान बिजनेसवुमन अनन्या बिड़ला के मुंबई वाले आलीशान घर पहुंची और उन्होंने उनके खूबसूरत घर की झलक दिखाई. लगभग 20,000 से 25,000 स्कवॉयर फुट में फैला ये बंगला देखकर फराह खान खुद भी हैरान रह गईं. फराह खान ने बताया कि वो अनन्या बिड़ला की लंबे समय से दोस्त हैं, लेकिन जतिया हाउस देखने का यह उनका पहला मौका था. टाइम्स ऑफ इंडिया होम्स के अनुसार, इस आलीशान बंगले को बिजनेसमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने साल 2018 में करीब 425 करोड़ रुपये में खरीदा था. ये बंगला 'जतिया हाउस' के नाम से जाना जाता है.

425 करोड़ रुपये के अनन्या बिड़ला के आलीशान घर के अंदर

तीन मंजिला यह शानदार बंगला बाहर से हल्के क्रीम रंग का दिखाई देता है. जैसे ही फराह खान घर के अंदर पहुंचीं, उनकी नजर एंट्री गेट पर लगे झूमर पर पड़ी. झूमर को देखकर उन्होंने अपने कुक दिलीप से मजाक करते हुए कहा कि ओम शांति ओम की शांति प्रिया की लाश शायद इसके नीचे मिल जाए. इसके साथ ही गेट पर भगवान गणेश की बड़ी सी मूर्ति लगी है. घर के अंदर कई महंगी पेंटिंग्स और फेमस चित्रकार एमएफ हुसैन की पेंटिंग भी लगी हुई है.

मेन हॉल के बीचों-बीच एक खूबसूरत बैठने की जगह बनाई गई थी. जब फराह खान ने अनन्या को आवाज लगाई, तो वो खूबसूरत संगमरमर की सीढ़ियों से उतरकर आईं. यह नजारा देखकर फराह ने मजाक में कहा कि अगर उनके पास ऐसा घर होता, तो वो कभी बाहर ही नहीं निकलतीं. अनन्या बिड़ला ने बताया, इस पूरे घर को उनकी मां नीरजा बिड़ला ने तैयार कराया है. बाद में वीडियो में उनकी मां नीरजा बिड़ला भी फराह और अनन्या के साथ लंच में शामिल होती नजर आईं.

उसी हॉल में आदित्य विक्रम बिड़ला और उनके दादा घनश्याम दास (जीडी) बिड़ला की एक बड़ी फोटो लगी हुई थी. फोटो के नीचे बसंत कुमार बिड़ला और उनकी वाइफ सरला बिड़ला की फोटो भी रखी गई थी. परिवार की इस विरासत के बारे में बताते हुए अनन्या ने कहा कि जीडी बिड़ला उनके परिवार के लिए एक मार्गदर्शक सितारे की तरह हैं. इसके बाद अनन्या बिड़ला फराह खान को घर का ड्रॉइंग रूम दिखाने ले गईं. कमरे को देखकर फराह हैरान रह गईं और बोलीं, "ये तो किसी जेम्स बॉन्ड फिल्म के सेट जैसा लग रहा है."

लकड़ी के खूबसूरत फर्श, पुराने दौर की शाही सजावट और एंटीक फर्नीचर से सजा ये कमरा किसी राजसी बॉलरूम जैसा दिखाई देता है. इसकी भव्यता और क्लासिक अंदाज देखकर ऐसा लगता है मानो ये किसी ऐतिहासिक या शाही ड्रामा सीरीज का हिस्सा हो. अनन्या ने इस कमरे के बारे में कहा कि इसमें एक अलग ही ब्रिटिश अंदाज फील होता है, जबकि फराह खान ने इसकी खूबसूरत सजावट की जमकर तारीफ की. हालांकि, अनन्या ने ये भी माना कि उन्हें यह कमरा थोड़ा  सख्त माहौल वाला लगता है. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वो अपने परिवार की सात पीढ़ियों में पहली महिला हैं, जिन्होंने घर से बाहर निकलकर अपना करियर बनाया और काम किया.

इसके बाद अनन्या फराह को अपना किचन दिखाने ले गईं. ये किचन इतना बड़ा है कि किसी स्टूडियो अपार्टमेंट से कम नहीं लगता. हरे रंग की टाइल्स और कैबिनेट्स से सजे इस किचन में हर कुछ मौजूद है. यहीं अनन्या ने फराह के लिए अपने हाथों से जीरा आलू और भिंडी भी बनाई. बाद में उन्होंने अपने बड़े लॉन और उससे लगे गॉर्डन की सैर कराई. जो कि इतना बड़ा था कि फराह ने मजाक में कहा, ये कई पब्लिक पार्कों से भी बड़ा है. वहां पर एक खूबसूरत गज़ीबो (बैठने की खुली जगह) भी बनी हुई थी. वीडियो के आखिर में फराह और अनन्या ने एक-दूसरे को गिफ्ट्स दिए और इसी के साथ यह दिलचस्प होम टूर खत्म हो गया.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ananya Birla, Farah Khan, Jatia House, Farah Khan Ali, Bollywwod
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com