बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान और जानी-मानी निर्माता एकता कपूर के बीच सुलह हो चुकी है और दोनों एक बार फिर साथ काम करने के लिए तैयार हो गए हैं। एकता फिल्म को प्रोड्यूस करेंगी और इमरान खान हीरो होंगे। इनकी इस फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धुलिया करेंगे।
बतौर अभिनेता इमरान और बतौर निर्माता एकता ने फिल्म 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई दोबारा' में एक साथ काम किया था, जो हिट फिल्म 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई' की सीक्वेल थी। मगर इनकी फिल्म 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई दोबारा' बुरी तरह फ्लॉप हो गई। उसके बाद किसी कारण से दोनों के रिश्ते बिगड़ गए। उस वक्त यह भी खबर खूब उड़ी थी कि अब इमरान और एकता कभी भी साथ काम नहीं करेंगे।
मगर कहा जाता है कि इस इंडस्ट्री में कुछ भी परमानेंट नहीं है। इनके साथ भी ऐसा ही हुआ। एक पार्टी में एक-दूसरे के सामने आए और गीले-शिकवे भूलकर गले लग गए। जैसे-जैसे पार्टी पर शबाब चढ़ता रहा यह दोनों कमरे के किनारे तक पहुंचते रहे। काफी देर बातचीत चली और गलतफहमियां दूर हो गई। उसके कुछ दिनों बाद दोनों फिर मिले और तय कर लिया की दोनों एकदूसरे के साथ दोबारा काम करेंगे। इन्हें दोबारा जुड़ने से तिग्मांशु धुलिया की फिल्म जो बंद होने के कगार पर थी दोबारा जिन्दगी मिल गई।
इमरान को इस कहानी का विषय और उनका किरदार काफी अच्छा लगा है। इस खबर की पुष्टि करते हुए इमरान ने कहा कि 'हमें खुशी है कि एकता और मेरी मुलाकात हो गई, जहां हमने अपने मुद्दों को सुलझा लिया। काश यह फिल्म जल्द से जल्द बन जाती, क्योंकि तिग्मांशु की यह स्क्रिप्ट बहुत अच्छी है। मुझे बुरा लग रहा है कि हमारी गलतफहमियों की वजह से तिग्मांशु को तकलीफ हुई। मैं एकता के साथ काम करने को उत्सुक हूं।'
वहीं एकता ने भी कहा कि 'मुझे इमरान बहुत पसंद हैं और शुक्र है कि हमने अपने मुद्दे सुलझा लिए। जब मैंने तिग्मांशु की कहानी सुनी थी तभी मुझे लगा था कि इस फिल्म के लिए इमरान से बेहतर कोई नहीं और वह इस किरदार के साथ इंसाफ करेंगे।' अब उम्मीद है कि इमरान और एकता के नए रिश्तों में बनने वाली नई फिल्म की शूटिंग सितम्बर में शुरू हो जाएगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं