विज्ञापन

धर्मेंद्र की बायोपिक में कौन निभाएगा उनका किरदार? बॉबी देओल ने नहीं लिया अपना और सनी देओल का नाम

धर्मेंद्र की बायोपिक में उनका किरदार कौन निभा सकता है, इस सवाल पर बॉबी देओल ने चौंकाने वाला जवाब दिया. उन्होंने कहा कि न वह और न ही कोई दूसरा अभिनेता धर्मेंद्र जैसा व्यक्तित्व पर्दे पर उतार सकता है.

धर्मेंद्र की बायोपिक में कौन निभाएगा उनका किरदार? बॉबी देओल ने नहीं लिया अपना और सनी देओल का नाम
बॉलीवुड में कौन बन सकता है धर्मेंद्र? बॉबी देओल ने किया खुलासा

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित सितारों में गिना जाता है. उनकी जिंदगी, संघर्ष और शानदार करियर पर अगर कभी बायोपिक बनती है, तो उसमें उनका किरदार कौन निभाएगा, यह सवाल लंबे समय से फैंस के बीच चर्चा का विषय रहा है. हाल ही में ‘आप की अदालत' में पहुंचे बॉबी देओल से भी यही सवाल पूछा गया. हालांकि, दर्शकों को उम्मीद थी कि वह अपना या अपने बड़े भाई सनी देओल का नाम लेंगे, लेकिन बॉबी का जवाब बिल्कुल अलग था. उन्होंने साफ कहा कि धर्मेंद्र जैसे इंसान को कोई भी अभिनेता पर्दे पर पूरी तरह नहीं उतार सकता.

‘कोई भी नहीं बन सकता धर्मेंद्र'

शो के दौरान जब बॉबी देओल से पूछा गया कि अगर धर्मेंद्र की बायोपिक बने तो उनका किरदार कौन निभा सकता है, तो उन्होंने बिना देर किए जवाब दिया, “कोई नहीं. कोई भी उनके जैसा नहीं हो सकता. वह जैसे इंसान थे, वैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता.” बॉबी का यह जवाब उनके पिता के प्रति सम्मान और प्यार को दर्शाता है. उन्होंने माना कि धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि एक ऐसी शख्सियत थे जिनकी तुलना किसी और से नहीं की जा सकती.

धर्मेंद्र के स्वभाव का सुनाया दिलचस्प किस्सा

Latest and Breaking News on NDTV

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने धर्मेंद्र से जुड़ा एक पुराना किस्सा याद किया, जिसमें उन्होंने किसी व्यक्ति की गलत हरकत पर गुस्सा जाहिर किया था. इस पर बॉबी ने बताया कि उनके पिता अन्याय और बदतमीजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते थे. उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत करता था तो धर्मेंद्र उसे डांटने या सख्ती से समझाने में पीछे नहीं हटते थे. लेकिन उनकी खासियत यह थी कि बाद में वही व्यक्ति उनके घर का मेहमान बन जाता था. बॉबी ने बताया कि उनके पिता उस व्यक्ति को खाना खिलाते, दूध पिलाते और जरूरत पड़ने पर नए कपड़े तक दिलवा देते थे. यही उनकी असली इंसानियत थी.

लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड लेते हुए हुए भावुक

कुछ महीने पहले एक अवॉर्ड समारोह में बॉबी देओल ने धर्मेंद्र की ओर से लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड स्वीकार किया था. इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि लोगों की आंखों में आज भी उनके पिता के लिए प्यार साफ दिखाई देता है. बॉबी ने बताया कि धर्मेंद्र हमेशा लोगों को खुश देखना चाहते थे और उनका मानना था कि हर व्यक्ति के अंदर कोई न कोई खास प्रतिभा होती है. यदि इंसान खुद पर विश्वास करे तो वह जीवन में कुछ भी हासिल कर सकता है. बॉबी ने कहा कि शायद यही सोच थी जिसने उनके पिता को इतने लंबे समय तक फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय बनाए रखा. धर्मेंद्र की यादें आज भी उनके परिवार, दोस्तों और करोड़ों प्रशंसकों के दिलों में जिंदा हैं.

यह भी पढ़ें: बॉलीवुड में किस फिल्म से हुई थी डांस की शुरुआत? ‘इंडियाज बेस्ट डांसर' में खुला राज, कम ही लोग बता पाएंगे नाम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com