अयोध्या में राम मंदिर चंदे और दान में हेरा फेरी का मामला सामने आया है. जांच में मंदिर के दान पेटीयों में लंबे समय तक लाखों रुपये की हेरा फेरी का खुलासा हुआ है. एसआईटी की जांच में सामने आया है कि मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे में रोजाना लाखों रुपए गायब किए जा रहे थे. इस मामले में अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. क्योंकि दान पेटीयों की निगरानी कर रहे थे. मंदिर के ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने आरोपों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वह कोई कलंक लेकर अयोध्या से नहीं जाएंगे. इस विषय पर सभी बड़ी हस्तियां अपनी-अपनी राय दे रही हैं. हाल ही में दूरदर्शन की महाभारत और रामयाण जैसे सीरियल में हनुमान का आइकॉनिक किरदार निभाने वाले दारा सिंह के बेटे वेलकम टू द जंगल एक्टर विंदु दारा सिंह (Vindu Dara Singh) ने एनडीटीवी से बात की और इस मुद्दे पर अपनी राय रखी.
बुरा अंत होगा
एक्टर विंदु दारा सिंह ने कहा कि जिसने भी राम मंदिर से चोरी की है, उसका बहुत बुरा अंत होगा. मंदिर में जो भी चढ़ावा चढ़ता है, वह गरीब लोगों के काम में आता है. जैसे गरीबों को खाना खिलाना, गरीब लोगों के लिए स्कूल बनाना. जो लोगों को पैसों की जरूरत है, उनको कई व्यवस्था प्रदान करना. मुझसे भी कई लोगों ने कहा था कि आप अपने पिताजी दारा सिंह का मंदिर बनवा दो. आपके पास करोड़ों रुपया आएगा. लेकिन मैं जानता हूं कि उन करोड़ों रुपए में से अगर 1 रूपया भी में अपने घर पर ले गया तो मैं बुरी तरीके से बर्बाद हो जाऊंगा. क्योंकि कर्म का फल आपको यहीं मिलता है.
एक्टर ने आगे कहा कि जिस इंसान ने यह मंदिर बनवाया है, उस पर मुझे आंख बंद करके भरोसा है. क्योंकि जब यह मंदिर बन रहा था, उस वक्त चंपत राय जी ने किसी को एक रुपया खाने नहीं दिया. अब चंपत राय जी की काफी उम्र हो चुकी है, वह इतनी उम्र पर क्या-क्या चीजें देखेंगे?
विंदू दारा सिंह ने कहा- घिनौना काम किया
आगे उन्होंने कहा, अब दूसरे लोगों को भी मंदिर की व्यवस्था देखना चाहिए. लोग चंपत राय जी पर शक कर रहे हैं. मुझे चंपत राय जी पर पूरा भरोसा है. क्योंकि मैं उनको काफी अच्छे तरीके से जानता हूं. जब राम मंदिर का काम शुरू हुआ था, उस वक्त मैंने देखा था कि वह एक-एक रुपया बचाते थे. किसी को भी पैसा खाने का मौका नहीं देते थे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी उस इंसान को नहीं छोड़ेंगे, जिसने यह घिनौना काम किया है. आज के समय पैसा बहुत खराब चीज है. मंदिर में चढ़ावा इसलिए चढ़ाया जाता है, जिससे मंदिर का विकास हो. जैसे हम देखते हैं कि गुरुद्वारे में भी दान दिया जाता है, जिससे गुरुद्वारे की देखरेख अच्छे से होती है. लेकिन कभी-कभी गुरुद्वारों में भी ऐसी चोरी जैसी चीज देखने को मिलती है. तब वहां भी तलवारें चल जाती हैं.
वेलकम टू द जंगल को लेकर हैं सुर्खियों में
विंदु दारा सिंह इन दिनों अपनी फिल्म वेलकम टू द जंगल को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. उनकी फिल्म बीते दिनों सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म में विंदु धारा सिंह ने बहुत ही हास्य और नेगेटिव किरदार निभाया है. उनकी बॉन्डिंग स्क्रीन पर जैकी श्रॉफ के साथ दिखाई दी है. वैसे तो वेलकम टू द जंगल में 40 एक्टर्स के आसपास हैं. लेकिन विंदु धारा सिंह उन एक्टर्स में सबसे प्रबल नजर आए हैं. अगर फिल्म की कास्ट की बात करें तो अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जैसे तमाम बड़े एक्टर्स एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए दिखाई दिए.
दारा सिंह के बारे में
दारा सिंह को बॉलीवुड का सुपरस्टार कहा जाता है, जिन्हें दूरदर्शन की महाभारत और रामायण में हनुमान जी के किरदार के लिए जाना जाता है. करियर में उन्होंने कई फिल्में कीं. लेकिन आज भी उन्हें फैंस रामानंद सागर की रामायण में हनुमान के किरदार के लिए याद किया जाता है.
यह भी पढ़ें- 'मुझे बॉलीवुड में 50 साल हो गए, बस मेरी फिल्म चलनी चाहिए', वेलकम टू द जंगल के एक्टर ने क्यों कहा ऐसा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं