NDTV YUVA 2026 में शामिल हुए लैला मजनू एक्टर अविनाश तिवारी ने एक खास सेशन में न्यू कमर्स को सलाह देने से लेकर अपने शुरुआती दौर के बारे में भी बात की. अविनाश ने बताया कि जब उनकी फिल्म लैला मजनू बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फेल हुई थी तो अविनाश टूट गए थे. अविनाश ने बताया कि फिल्म रिलीज के तीसरे दिन ही थियेटर से बाहर हो गई थी तो उस वक्त लगा कि जिस पॉइंट पर आने के लिए इतनी मेहनत की वहां पहुंचकर कुछ हासिल नहीं हुआ. अविनाश ने कहा इम्तियाज अली ने उन्हें समझाया था कि अगर तुमने कुछ अच्छा किया है तो ये आगे असर जरूर दिखाएगा. अविनाश से जब हाल की फिल्मों में कास्ट करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अगर ख्वाहिश की ही बात है तो धुरंधर ऑफर हुई होती तो उन्होंने भी अच्छा काम किया होता.
कौन हैं अविनाश तिवारी?
अविनाश तिवारी उन एक्टर्स में से हैं जो शोर कम करते हैं. लेकिन अपने काम से गहरी छाप छोड़ते हैं. बिहार के मोतिहारी में जन्मे अविनाश ने बॉलीवुड में अपनी जगह किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि लगातार मेहनत और अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर बनाई है. ‘लैला मजनूं' से पहचान पाने वाले इस एक्टर का सफर उतार चढ़ाव से भरा रहा. लेकिन उन्होंने हर बार खुद को नए अंदाज में साबित किया. दिलचस्प बात ये है कि बिना बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड के भी अविनाश इंडस्ट्री के भरोसेमंद चेहरों में गिने जाते हैं.
शुरुआत से ‘लैला मजनूं' तक का सफर
अविनाश तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत छोटे छोटे रोल्स और थिएटर से की. इंजीनियरिंग छोड़कर एक्टिंग चुनना उनके लिए आसान फैसला नहीं था. लेकिन यही जुनून उन्हें आगे ले गया. 2016 में ‘तू है मेरा संडे' से उन्हें नोटिस किया गया. लेकिन असली पहचान 2018 की फिल्म ‘लैला मजनूं' से मिली. हालांकि फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली. लेकिन अविनाश की एक्टिंग को खूब सराहा गया. समय के साथ फिल्म ने कल्ट स्टेटस हासिल किया और दोबारा रिलीज पर दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला. यही वो मोड़ था जिसने अविनाश को इंडस्ट्री में अलग पहचान दी.
अलग-अलग किरदारों से बनाई मजबूत पहचान
अविनाश तिवारी की खासियत है कि वो खुद को किसी एक इमेज में बांधकर नहीं रखते. ‘बुलबुल' में सॉफ्ट किरदार हो या ‘खाकी: द बिहार चैप्टर' में नेगेटिव रोल. उन्होंने हर बार कुछ नया किया. ‘बंबई मेरी जान' और ‘काला' जैसी सीरीज में उनकी परफॉर्मेंस ने साबित किया कि वो सिर्फ फिल्मी हीरो नहीं, बल्कि एक वर्सेटाइल एक्टर हैं. 2024 में ‘मडगांव एक्सप्रेस' और ‘सिकंदर का मुकद्दर' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग का अलग रंग दिखाया.अविनाश खुद मानते हैं कि इंडस्ट्री में कोई तय फॉर्मूला नहीं होता. शायद यही वजह है कि कम फॉलोअर्स और बिना ब्लॉकबस्टर के भी वो लगातार काम कर रहे हैं.
Keywords - अविनाश तिवारी, लैला मजनूं स्टार, avinash Tiwari, Laila majnu star
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं