Asha Bhosle Last Song: आशा भोसले का आखिरी गाना अब कभी पूरा नहीं हो सकेगा. 20 भाषाओं में लगभग 12000 हजार गाने गा चुकी भारतीय सिनेमा की मशहूर गायिका पिछले कुछ समय एक गाने पर काम कर रही थीं, लेकिन उस गाने की सिर्फ चार लाइनें रह गई थीं, और इसी वजह से यह गाना अब कभी पूरा नहीं हो सकेगा. ये एक प्राइवेट एल्बम का गाना था जिसके कम्पोजर शमीर टंडन हैं. शमीर ने पेज 3, ट्रैफिक सिग्नल, बाल गणेश और कॉर्पोरेट जैसी फिल्मों के लिए गाने दिए हैं. आशा भोसले के निधन पर एनडीटीवी ने जब शमीर टंडन से बात की तो उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिन से वो आशा ताई के साथ इस गाने पर काम कर रहे थे, जिसके बोल प्रसून जोशी ने लिखे हैं. उन्होंने बताया कि सिर्फ इस गाने की चार लाइनें रह गई थीं, लेकिन उससे पहले यह दुखद खबर आ गई.
म्यूजिक कम्पोजर शमीर टंडन ने बताया कि, 'इस गाने के बोल जाने दो...जाने दो हैं. इसे प्रसून जोशी ने लिखा है. आशा भोसले ने कुछ दिन पहले रिहर्सल भी की थी, वह हमेशा बहुत ही एक्टिव रहा करती थीं. उनसे मेरी मुलाकात 2003 से है. चार लाइनें रह गई थीं, वो किसी भी दिन आने वाली थीं स्टूडियो. लेकिन ऐसा नहीं हो सका.'
उन्होंने आशा भोसले के जिंदगी को लेकर फलसफे पर बताया, 'वो हमेशा चाहती थीं कि उन्होंने हंसते-मुस्कराते हुए विदा किया जाए. वो जिंदगी से भरपूर थीं. वो दिल से युवा थीं. विचारों से भी युवा थीं. उनका मानना था कि वो अपना आखिरी गाना आलिया भट्ट जैसी युवा एक्ट्रेस के लिए गाना पसंद करेंगी. वो इस तरह की एनर्जी से सराबोर थीं. '
शमीर टंडन ने पेज थ्री में म्यूजिक दिया था, उसी दौरान का एक किस्सा उन्होंने साझा किया, 'पेज 3 का हुजुर ए आला गाना उन्होंने गाया था. मैंने उनसे कहा कि ये गाना मुजे जल्द से जल्द चाहिए. लेकिन वो सैन फ्रांसिस्को में थी. फिर ऐसा पहली बार हुआ कि उन्होंने वहां से गाना रिकॉर्ड किया. उस समय ऐसा होता नहीं था. उन्होंने बताया कि मुझे पंचम (उनके पति आरडी बर्मन) कहते थे कि नए लड़कों और उनकी टेक्नोलॉजी के साथ ग्रो नहीं करोगी तो पीछे रह जाओगी. इस तरह वो एक विजनरी लेडी थीं.'
शमीर टंडन ने बताया कि उनके घर जाने पर वह बहुत ही शानदार तरीके से मिलती थीं, वह कहते हैं, 'जब भी उनके घर जाता तो उनके हाथ का पोहा खाने को मिलता था और कॉफी भी वही बनाती थीं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं