Aigiri Nandini Mahakali Song: ‘महाकाली' के निर्माताओं आरकेडी स्टूडियोज ने फिल्म का पहला गाना ‘ऐगिरी नंदिनी' रिलीज कर दिया है. आदि शंकराचार्य द्वारा रचित मां दुर्गा की इस प्रसिद्ध स्तुति को फिल्म में नए संगीतमय अंदाज में पेश किया गया है. भक्ति, शक्ति और देवी की दिव्य ऊर्जा से जुड़ा यह गीत फिल्म की आध्यात्मिक दुनिया की झलक दिखाता है. दमदार गायकी, भव्य संगीत संयोजन और प्रभावशाली साउंडस्केप के साथ ‘ऐगिरी नंदिनी' को एक खास सिनेमाई अनुभव बनाने की कोशिश की गई है. यह स्तुति सदियों से भक्तों के बीच लोकप्रिय रही है. फिल्म के जरिए इसे नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पारंपरिक भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत का मेल देखने को मिलता है. गाने का भाव मां काली की शक्ति, दिव्य ऊर्जा और नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा को समर्पित है.
यह भी पढ़ें: मातृभूमि का ना आया ट्रेलर, ना रिलीज डेट, फिर भी सलमान खान की फिल्म ने कमा डाले 325 करोड़ रुपये
'महाकाली' के टीजर के बाद रिलीज हुआ पहला गाना
'महाकाली' का यह गाना ऐसे समय में रिलीज हुआ है, जब फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ रही है. इससे पहले फिल्म का टीजर सामने आया था, जिसमें अक्षय खन्ना का दमदार अंदाज देखने को मिला. उनके प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और युद्धघोष ने फिल्म की भव्यता की झलक दी थी. अब 'ऐगिरी नंदिनी' के जरिए फिल्म का एक अलग पक्ष सामने आया है. जहां टीजर में युद्ध और शक्ति का प्रभाव देखने को मिला, वहीं गाना फिल्म की आध्यात्मिक और भक्तिमय दुनिया को सामने लाता है. मां काली की आराधना पर आधारित यह प्रस्तुति फिल्म के माहौल को और खास बनाती है.
अनिला राजीव, गीता माधुरी और साई चरण ने दी आवाज
'ऐगिरी नंदिनी' को स्मरण साई ने कंपोज, प्रोग्राम और अरेंज किया है. गाने को अनिला राजीव, गीता माधुरी और साई चरण ने अपनी आवाज दी है. संगीत में वीणा, बांसुरी, गिटार, पियानो, तविल और मृदंगम जैसे वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल किया गया है. पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ आधुनिक संगीत संयोजन गाने को भव्यता देता है. बैकिंग वोकल्स और ऑर्केस्ट्रल अरेंजमेंट इसकी प्रभावशीलता को बढ़ाते हैं. फिल्म के निर्माताओं ने इस प्रस्तुति में स्तुति की मूल भक्ति भावना को बनाए रखते हुए इसे सिनेमाई अंदाज देने की कोशिश की है.
प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है ‘महाकाली'
'महाकाली' प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (PVCU) का हिस्सा है. इस यूनिवर्स की शुरुआत फिल्म ‘हनुमान' से हुई थी, जिसने भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में पेश किया. पूजा अपर्णा कोल्लुरु के निर्देशन में बन रही महाकाली में अक्षय खन्ना, श्रिया रेड्डी, खुशबू सुंदर, भूमि शेट्टी, रोहित सराफ, राकेश बेदी, जितिन गुलाटी, रजत कपूर, मुरली शर्मा और नासर सहित कई कलाकार नजर आएंगे.
आरके दुग्गल प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण रिवाज रमेश दुग्गल ने आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले किया है. महाकाली 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं