तमिल सिनेमा इन दिनों एक बड़े विवाद के बीच घिरा हुआ है, जहां विजय और उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के तलाक की खबरों के साथ-साथ एक कथित अफेयर को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच आरती रवि ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दो अलग-अलग मामलों में दिख रही पब्लिक रिएक्शन की असमानता पर सवाल उठाया है. उन्होंने इशारों-इशारों में यह मुद्दा उठाया कि क्या किसी पुरुष को मिलने वाली सहानुभूति उसकी स्टार वैल्यू पर निर्भर करती है?
विजय-त्रिशा विवाद: क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय की पत्नी ने तलाक की अर्जी में एक कथित रिश्ते का जिक्र किया है, हालांकि अभिनेत्री का नाम सामने नहीं आया. सोशल मीडिया पर इस मामले को तृषा कृष्णन से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि 2021 से ही रिश्ते में दरार आ गई थी और कई कोशिशों के बावजूद शादी नहीं बच पाई. अब इस केस की अगली सुनवाई 20 अप्रैल 2026 को होनी है. इस बीच विजय का एक शादी समारोह में नजर आना और उसके बाद उठी प्रतिक्रियाएं इस विवाद को और हवा दे रही हैं.
आरती रवि ने क्यों उठाया डबल स्टैंडर्ड का मुद्दा?
आरती रवि ने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर रवि मोहन (जयम रवि) और विजय के मामलों की तुलना की. उन्होंने बताया कि जब रवि मोहन अपनी कथित पार्टनर के साथ शादी में दिखे, तो उन्हें जबरदस्त आलोचना झेलनी पड़ी. वहीं दूसरी ओर, विजय के मामले में लोगों का एक बड़ा वर्ग या तो उनका बचाव करता दिखा या फिर अभिनेत्री को ही निशाना बनाने लगा. आरती ने इसी अंतर पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह सब किसी स्टार की लोकप्रियता पर निर्भर करता है? उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.
यह भी पढ़ें: सुपरस्टार पर भड़की एक्स वाइफ तो गर्लफ्रेंड ने शेयर किया क्रिप्टिक पोस्ट, लिखा-उसका दिल उस महिला की...
रवि मोहन-आरती की कहानी और बढ़ता विवाद
रवि मोहन और आरती रवि की शादी 15 साल तक चली, लेकिन 2024 में दोनों अलग हो गए. आरती ने पहले भी आरोप लगाए थे कि अलग होने के बाद उन्हें न तो भावनात्मक और न ही आर्थिक सहारा मिला. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें और उनके बच्चों को घर से निकालने की स्थिति तक का सामना करना पड़ा. इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या समाज और सोशल मीडिया पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग पैमाने अपनाए जाते हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं