आमिर खान ने हाल ही में अपनी एक फिल्म की तुलना शोले से की है, जो बॉक्स ऑफिस पर अब तक की सबसे बड़ी डिजास्टर साबित हुई थी. जबकि फिल्म ने ओपनिंग डे पर 52 करोड़ का आंकड़ा पार किया था. लेकिन कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों में सन्नाटा पसर गया. हम बात कर रहे हैं 2018 की पीरियड एक्शन ड्रामा ठग्स ऑफ हिंदोस्तान की, जिसके बारे में हाल ही में आमिर खान ने बताया कि उन्होंने क्यों यह फिल्म चुनी थी और बॉक्स ऑफिस पर क्यों बुरी तरह फ्लॉप हुई.
दंगल के बारे में कही ये बात
मुंबई के विस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल के स्क्रीन अकादमी मास्टरक्लास में आमिर खान ने बताया कि वह फिल्म चुनते समय स्टोरी को सबसे उपर चुनते हैं. साथ ही रोल को भी. उन्होंने कहा, "मेरे लिए, मैं कौन सा किरदार निभा रहा हू, यह बात दूसरे नंबर पर आती है. इसलिए, जब मैंने 'दंगल' के लिए हां कहा तो इसकी वजह यह थी कि मुझे इसकी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई. यह एक बेहतरीन कहानी है, जिसमें हर किरदार के पास करने के लिए कुछ न कुछ शानदार है. इसके बाद मैं अपने किरदार महावीर पर ध्यान देता हूं. लेकिन मैंने इस फिल्म के लिए इसलिए हां नहीं कहा कि 'महावीर का किरदार कितना जबरदस्त है!'"

ये भी पढे़ं- शाहरुख खान थे शूट पर, पालतू डॉग का हुआ निधन, वापस लौटे तो इस वजह से कब्र से निकाला और ले आए सुबह ढाई बजे घर
ठग्स ऑफ हिंदोस्तान की शोले से की तुलना

आमिर खान ने बताया कि ठग्स ऑफ हिंदोस्तान वो फिल्म है, जिसके लिए उन्होंने एक रूल तोड़ा. उन्होंने कहा, "सिर्फ एक बार ऐसा हुआ था जब मैंने कहानी के बजाय अपने किरदार को ज्यादा अहमियत दी थी. लेकिन उसका नतीजा बहुत बुरा निकला. ठग्स ऑफ हिंदुस्तान की कहानी बहुत ही आम है. यह बिल्कुल 'शोले' जैसी है. शोले में संजीव कुमार का किरदार ठाकुर है, जिसे अपने परिवार के मारे जाने का बदला लेना होता है. और दो लोग उसकी मदद के लिए आते हैं - जय (अमिताभ बच्चन) और वीरू (धर्मेंद्र). वहीं, इस फिल्म में जफिरा (फातिमा सना शेख) का परिवार मारा जाता है. उसे मदद की जरूरत होती है और फिरंगी (आमिर) उसकी मदद के लिए आता है."
शोले और ठग्स ऑफ हिंदोस्तान का मिलता जुलता है फॉर्मेट
आगे उन्होंने कहा, "दोनों का फार्मेट काफी मिलता-जुलता है. यानी, शोले में जय और वीरू फिल्म के हीरो तो हैं. लेकिन कहानी उनकी नहीं है. कहानी तो ठाकुर की है. ठीक इसी तरह, इस फिल्म में भी कहानी फिरंगी की नहीं है. कहानी तो जफिरा की है. इसलिए, फॉर्मूले के लिहाज से यह फिल्म 'शोले' जैसी फिल्मों से ज्यादा मिलती-जुलती है. कास्टिंग की वजह से, हम बार-बार स्क्रिप्ट बदलते रहे. मुझे पता नहीं था कि मैं इतनी बड़ी गलती कर बैठूंगा, लेकिन सब से होता है. हमें स्क्रिप्ट नहीं बदलनी चाहिए थी, भले ही हमें अपनी पसंद की कास्टिंग न मिली हो. तो, जब आपने 'ठग्स' देखी, तो आपने वह ओरिजिनल स्क्रिप्ट नहीं देखी, जो विक्टर ने लिखी थी, क्योंकि उसमें बहुत सारे बदलाव किए गए थे."
बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई ठग्स ऑफ हिंदोस्तान
300 करोड़ के बजट में बनीं ठग्स ऑफ हिंदोस्तान साल की सबसे मंहगी फिल्मों में से एक थी, जिसमें पहली बार आमिर खान और अमिताभ बच्चन साथ आए थे. वहीं कैटरीना कैफ और फातिमा सना शेख भी लीड रोल में थे. विजय कृष्णा आचार्य डायरेक्टर थे. जबकि यशराज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था. ओपनिंग डे पर 52 करोड़ की ओपनिंग फिल्म ने की. लेकिन दर्शकों और क्रिटिक्स की तरफ से इसे नेगेटिव रिव्यू मिले. हालांकि 327 करोड़ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन फिल्म ने कर लिया. लेकिन भारत में 151 करोड़ की कमाई ही फिल् कर पाई. फिल्म के इस निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद, आमिर ने कहा, "फिरंगी एक ऐसा किरदार है जिस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं किया जा सकता. आपको पता ही नहीं चलता कि वह कब सच बोल रहा है और कब झूठ. उसे बस अपनी ही परवाह है. मुझे वह एक बहुत ही आकर्षक और दिलचस्प किरदार लगा. उसके कुछ पल तो वाकई कमाल के हैं."
ये भी पढे़ं- 90 के दशक का चमकता सितारा, एक हादसे ने तबाह किया अच्छा खासा करियर, अब कहां हैं चंद्रचूड़ सिंह? करते क्या हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं