हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर में कुछ गाने ऐसे बने, जिनका जादू आज भी कम नहीं हुआ है. ऐसा ही एक सदाबहार गाना है ‘उधर तुम हसीन हो, इधर दिल जवान है'. साल 1955 में आई फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज 55' के इस गाने में मधुबाला और गुरु दत्त की खूबसूरत केमिस्ट्री देखने को मिली थी. उस वक्त मधुबाला महज 22 साल की थीं. उनकी चुलबुली अदाएं, चेहरे की मासूमियत और दिलकश अंदाज गाने को खास बना देते हैं. वहीं, गीता दत्त और मोहम्मद रफी की सुरीली आवाज ने इसे ऐसा रोमांटिक एहसास दिया, जो सात दशक बाद भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जिंदा है.
मधुबाला और गुरु दत्त की जोड़ी ने जीता था दिल
फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज 55' का निर्देशन और निर्माण गुरु दत्त ने किया था. इसमें मधुबाला ने अनीता वर्मा और गुरु दत्त ने प्रीतम कुमार का किरदार निभाया था. इनके अलावा ललिता पवार, जॉनी वॉकर, कुमकुम और यास्मीन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे.
फिल्म की कहानी अनीता नाम की एक अमीर लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है. उसके पिता की वसीयत के मुताबिक, उसे अपनी संपत्ति हासिल करने के लिए एक महीने के भीतर शादी करनी होती है. उसकी मौसी सीता देवी (ललिता पवार) इस शर्त को पूरा करने के लिए प्रीतम नाम के एक बेरोजगार कार्टूनिस्ट को शादी का प्रस्ताव देती हैं. उनकी योजना शादी के बाद दोनों का तलाक कराने की होती है. लेकिन कहानी में तब दिलचस्प मोड़ आता है, जब अनीता और प्रीतम एक-दूसरे को पसंद करने लगते हैं.
ओपी नैयर के संगीत ने लगाया चार चांद
इस फिल्म के गानों की बात करें तो संगीतकार ओपी नैयर और गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी की जोड़ी ने शानदार काम किया था. ‘उधर तुम हसीन हो' को गीता दत्त और मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज दी थी. गाने के बोलों में प्यार और रोमांस का खूबसूरत एहसास है. पर्दे पर मधुबाला और गुरु दत्त की अदायगी ने इस गीत को और यादगार बना दिया. फिल्म में ‘जाने कहां मेरा जिगर गया जी', ‘ठंडी हवा काली घटा' और ‘प्रीतम आन मिलो' जैसे गाने भी शामिल थे. इन गानों ने फिल्म के संगीत को खास पहचान दिलाई.
गाना देखने के लिए यहां करें क्लिक
बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी फिल्म
11 फरवरी 1955 को रिलीज हुई ‘मिस्टर एंड मिसेज 55' दर्शकों को खूब पसंद आई थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता हासिल की और मधुबाला के करियर की यादगार फिल्मों में अपनी जगह बनाई. ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) के रिकॉर्ड में भी यह फिल्म दर्ज है. दिलचस्प बात यह है कि आज भी जब इस फिल्म का गाना ‘उधर तुम हसीन हो, इधर दिल जवान है' बजता है, तो मधुबाला की खूबसूरती और रफी-गीता दत्त की आवाज का जादू एक बार फिर पुराने दौर की याद दिला देता है. यही वजह है कि 71 साल बाद भी यह गीत संगीत प्रेमियों के बीच अपनी खास जगह बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: राजेश खन्ना की पत्नी होने का दावा करने वाली अनीता आडवाणी को झटका, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं