बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. बड़े भाई की हत्या का बदला लेने के लिए छोटे भाई ने खुद पर ही गोली चलवाने की साजिश रच डाली. उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में पैर में गोली चलवाई. जब पुलिस ने मामले की जांच की और कड़ाई से पूछताछ की तो पुलिस वालों के भी होश उड़ गए. पुलिस ने खुद पर साजिश रचवाने वाले के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है.
खुद पर गोली चलवाने की रची साजिश
दरसअल डुमरा थाना क्षेत्र के बाजितपुर नेशनल हाईवे पर हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई चौक गया है. जानकारी के मुताबिक भैरोकोठी निवासी सुंदरम ने अपने बड़े भाई की हत्या का बदला लेने के लिए खुद पर ही गोली चलवाने की साजिश रच डाली. उसने अपने दो दोस्तों- मोहम्मद सद्दू और रुद्र प्रताप के साथ मिलकर अपने ही घर में पैर में गोली मरवाई और पूरे मामले को असली हमले का रूप देने की कोशिश की.
घटना के बाद जब पुलिस टीम एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर मामले की जांच करती रही और घायल के दोस्तों से कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस के भी होश उड़ गए. सदर डीएसपी की टीम घायल सुंदरम के घर पहुंची तो दीवारों पर गोली के निशान और छत पर खून के धब्बे मिले. जांच में खुलासा हुआ कि सुंदरम का मकसद अपने भाई की हत्या में आरोपी जितेश झा को जेल से बाहर निकलने से रोकना था.
नवंबर 2024 में बड़े भाई की हुई थी हत्या
इसी वजह से उसने खुद पर हमले की झूठी कहानी रची, ताकि केस को और मजबूत बनाया जा सके. दरअसल सुंदरम के भाई शुभम की नवंबर 2024 में 5 गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बदमाशों ने उसके शव को रानी पुल के समीप फेंक दिया था. सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन के निर्देश पर सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने महज 2 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने सुंदरम के घर से एक पिस्टल, दो मैगजीन और एक खोखा भी बरामद किया है. फिलहाल पुलिस ने मामले में शामिल घायल सुंदरम के दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. (रंजीत कुमार के इनपुट के साथ)
यह भी पढे़ं-
SSB हेड कांस्टेबल ने साथी जवान की बेटी के साथ किया दुष्कर्म, न्यायिक हिरासत में भेजा
Bihar: कभी IPS अफसर तो कभी कस्टम अधिकारी बनकर ठगी, बिहार में हाईटेक ठग के निशाने पर बड़े कारोबारी!














