- तेजस्वी ने निशांत के मंत्री बनने को लेकर कहा कि उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, परिवारवाद के आरोप नहीं लगेंगे.
- उन्होंने बिहार सरकार पर आरोप लगाया कि वह सही तरीके से गठन नहीं हो पाई है और राज्य में अपराधियों का बोलबाला है.
- BJP के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने चुनौती दी कि वे विधायक बनकर या चुनाव जीतकर अपनी बात साबित करें.
आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने निशांत के मंत्री बनने को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा कि कोई भी मंत्री बने, लेकिन अब आरजेडी पर परिवारवाद के आरोप नहीं लगाए जा सकेंगे. तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा कहीं भी तस्वीर में दिखाई नहीं दे रही थी. उन्होंने कहा कि नतीजे खुद देखिए, जो कुछ हुआ है वह पूरी तरह लूटतंत्र का मामला है.
चुनाव आयोग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जब हमारे साथ ही बेईमानी हो रही हो, तो कोई क्या कर सकता है. आरजेडी नेता ने कहा कि वह और उनकी पार्टी लगातार संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सभी षड्यंत्रों का पर्दाफाश किया जाएगा.
निशांत के मंत्री बनने के मुद्दे पर एक बार फिर तेजस्वी यादव ने दोहराया कि कौन क्या बन रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात महीनों में बिहार सरकार का सही तरीके से गठन तक नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि राज्य में दो‑दो मुख्यमंत्री देखे जा चुके हैं, खजाना खाली है, अपराधियों का बोलबाला है और हालात पर नजर रखने वाला कोई नहीं है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार कोई काम नहीं कर रही और सत्ता में बैठे लोगों को जनहित से कोई मतलब नहीं है.
भाजपा के इस बयान पर कि जहां‑जहां तेजस्वी यादव गए, वहां चुनाव हार गए, उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कौन क्या बोलता है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जिसने यह बयान दिया है, अगर उसमें हैसियत है तो वह एक विधायक बनकर दिखाए या एक चुनाव जीतकर दिखाए, तब उनकी बात मानी जाएगी. एनकाउंटर को लेकर तेजस्वी यादव ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जांच के नाम पर फर्जी एनकाउंटर कराए जाएंगे और बाद में उन्हें गालियां दी जाएंगी.
केरल चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि आरजेडी ने पहली बार वहां तीन उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से एक उम्मीदवार ने जीत हासिल की. उन्होंने कहा कि पार्टी ने बिहार से बाहर भी चुनाव लड़ा और सफलता मिली है. तेजस्वी यादव ने कहा कि जहां‑जहां वोटों का पुनः निरीक्षण हुआ है, वहां की स्थिति देखी जा सकती है. उन्होंने दावा किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी यही हालात सामने आए हैं.
उन्होंने कहा कि आरजेडी आखिरी सांस तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी और जीत हासिल करेगी. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पुल गिर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई देखने वाला नहीं है. तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव को गालियां दी जाएंगी, उन्हें खुद भी निशाना बनाया जाएगा और RSS से जुड़े लोगों को खुश करने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ध्यान भटकाने के लिए बुलडोजर चलाया जा रहा है और यह दावा किया जाएगा कि जो उत्तर प्रदेश में हो रहा है, वही बिहार में भी किया जा रहा है.
अनंत सिंह पर दर्ज मामलों को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार का खजाना खाली हो चुका है, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और हालात पर नियंत्रण रखने वाला कोई नहीं है.
ये भी पढें : TVK प्रमुख विजय का सरकार बनाने का दावा, मगर बहुमत जुटाने के दावे से संतुष्ट नहीं गवर्नर- सूत्र














