पप्पू यादव का विवादास्पद बयान, बोले- छात्रवृत्ति, वृद्धा पेंशन बंद कर 'सेक्स पेंशन' शुरू करो

पूर्णिया सांसद ने कहा कि बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, स्पीडी ट्रायल हो, नेता के खिलाफ तो एक महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल शुरू करके फांसी की सजा हो. छात्रवृति और वृद्धा पेंशन समाप्त, अब सेक्स-पेंशन की शुरुआत कीजिए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पप्पू यादव का विवादास्पद बयान, बोले- छात्रवृत्ति

अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने महिलाओं और बच्चियों के हो रहे यौन-शोषण को लेकर बड़ा बयान दिया है. पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि नेताओं और अधिकारियों की बेटियों पर गिद्ध दृष्टि है और उन्हें बचाने के लिए देश मे एक क्रांति की जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामले में दोषी पाए गए नेताओं को स्पीडी ट्रायल चलाकर एक महीने के अंदर फांसी की सजा दी जानी चाहिए. पप्पू यादव के इस बयान पर पलटवार करते हुए राज्यसभा की भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें ऐसी ओछी टिपण्णी नहीं करनी चाहिए.

'नेताओं ने बेटियों को बनाया हवस का शिकार'

दरअसल, पप्पू यादव ने पूर्णिया में रविवार को प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि 12 सालों में लगभग नेताओं ने इस देश में बेटियों को हवस का शिकार बनाया है. कहीं लड़कियों का वीडियो अपलोड हो रहा है तो कहीं मिनिस्टर किन्नर के साथ सोए हुए हैं. बिहार और देश में नेता, पूंजीपति और अधिकारियों की बेटियों पर गिद्ध दृष्टि बनी हुई है. उन्होंने कहा कि पूरे देश में एप्सटीन कोने-कोने में फैला हुआ है. इस देश में बच्चियों को बचाने के लिए एक क्रांति की जरूरत है. अब तो लगभग 90 फीसदी नेताओं और अधिकारियों से बच्चियां बचने की स्थिति में नही है. अब बेरोजगारी भत्ता की छोड़िए, सेक्स भत्ता की शुरुआत कीजिए. चूंकि नेता और अधिकारी शामिल हैं तो भत्ता तो देना ही होगा.

पूर्णिया सांसद ने आगे कहा कि छात्रवृति और वृद्धा पेंशन समाप्त, अब सेक्स-पेंशन की शुरुआत कीजिए. पप्पू यादव ने राजनेताओं को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि, बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, स्पीडी ट्रायल हो, नेता के खिलाफ तो एक महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल शुरू करके फांसी की सजा हो. पूरे देश में इस बात की चर्चा है कि कोई भी महिला राजनीति में आएगी तो रूम होकर गुजरना होगा, यह मां-बहनों के लिए गाली है. वहीं, रसोई गैस की किल्लत को लेकर पप्पू यादव ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में गैस के लिए 05 किमी लंबी लाइन लगी हुई है. क्रिमिनल हीरा-जवाहरात नही गैस लूट रहे हैं. आम लोगों को 05 हजार रुपये से कम में गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है.

गैस सिलेंडर को लेकर सरकार पर पप्पू यादव का हमला

कमर्शियल गैस सिलिंडर पर उन्होंने सरकार द्वारा लगाए गए रोक पर कहा कि करोड़ों लोग जो छोटी छोटी दुकानदारी करते हैं उनकी आजीविका का क्या होगा. महंगाई से आम जनता बेहाल है. नेता, बाबा और अधिकारी के पास तो अकूत संपत्ति है, आम आदमी का क्या होगा. युद्ध रुके या जारी रहे, यह बढ़ी हुई महंगाई अगले 05 साल तक बर्बाद करेगा. पप्पू यादव ने आगे कहा कि देश की बेटी संकट में, जनता संकट में, गरीब संकट में, किसान संकट में और सरकार हिन्दू-मुसलमान, बंगाल, असम और तमिलनाडु में लगा हुआ है. जिस दिन असम और बंगाल का चुनाव खत्म होगा, आम आदमी को गैस मिलना बंद हो जाएगा.

Advertisement

महिलाओं के यौन सुरक्षा से सम्बंधित सांसद पप्पू यादव के बयान पर भाजपा की राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने पलटवार किया है. पूर्णिया आई भाजपा सांसद ने कहा कि पप्पू यादव जी को क्या हो गया है, उनका मानसिक स्थिति तो खराब नही हो गया है कि बेटियों के लिए वे गलत शब्द और अपशब्द का प्रयोग कर रहे हैं. जिसे सुनने में भी महिलाएं असहज महसूस कर रही है. उन्होंने कहा कि पप्पू यादव के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती हूँ, ऐसी ओछी टिप्पणी उन्हें नहीं करनी चाहिए थी.
 

Featured Video Of The Day
Iran Arrest Indians: जंग के बीच ईरान की जेल से छूटे भारतीयों ने खोले बड़े राज! | Strait of Hormuz