Danapur News: बिहार के पटना जिले के दानापुर सबडिवीजन के शाहपुर थाना इलाके के सरारी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां, सिर्फ दो दिनों के अंदर एक परिवार में चाचा-भतीजी की सांप के काटने से मौत हो गई. अचानक हुई इन मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गांव वालों में भी डर का माहौल है. शक है कि दोनों को करैत सांप ने काटा है.
दो दिन में दो जिंदगियां खत्म
परिवार वालों के मुताबिक, कल यानी सोमवार की सुबह मुन्ना महतो को अचानक सांप ने काट लिया था, जिसके बाद वह बेहोश हो गया. उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां टिटनेस का इंजेक्शन दिया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई.
मुन्ना महतो की मौत के बाद उनका परिवार गहरे सदमे में था. उन्होंने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी और शव को दीघा घाट ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया. परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन उनकी भतीजी को झाड़ू लगाते समय सांप ने काट लिया.
झाड़ू लगाते भतीजी को सांप ने डंसा
घरवालों के मुताबिक, मंगलवार को मुन्ना महतो के चचेरे भाई दिलीप महतो की 12 साल की बेटी आरती कुमारी घर में झाड़ू लगा रही थी. इसी दौरान अचानक उसे सांप ने काट लिया. शुरू में तो किसी को अंदाजा नहीं हुआ कि उसे सांप ने काटा है, लेकिन कुछ देर बाद आरती की तबीयत बिगड़ने लगी. जिस पर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. आरती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
चौथी कक्षा की छात्रा थी आरती
मृतका आरती कुमारी चौथी क्लास की स्टूडेंट थी. वह पढ़ाई में अच्छी थी और परिवार की लाडली मानी जाती थी. गांव वालों का कहना है कि आरती बहुत होनहार लड़की थी.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने के बाद, शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बच्ची के शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शाहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार आनंद ने बताया कि सांप काटने से एक बच्ची की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.
करैत सांप के डंसने की आशंका
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार दोनों घटनाओं में करैत सांप के डंसने की आशंका जताई जा रही है। करैत भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक माना जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार इसका जहर नर्वस सिस्टम पर तेजी से असर करता है और समय पर सही इलाज नहीं मिलने पर जान बचाना मुश्किल हो सकता है.
वन विभाग ने पकड़ा सांप
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर विभाग की टीम गांव पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया. इसे बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव और आसपास के इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि लोग सांप काटने की स्थिति में सही उपचार और प्राथमिक उपचार की जानकारी प्राप्त कर सकें.
रिपोर्ट--दानापुर से गौरव कुमार
यह भी पढ़ें: दिल्ली रेस्टोरेंट अग्निकांड ने छीनी अजमेर के एक परिवार की खुशियां, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति