Bihar News: पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पिछले तीन दिनों से इलाके में चल रहे सर्च ऑपरेशन और छापेमारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी वारदात वाली जगह से महज 200 मीटर की दूरी पर एक घर में छिपकर रह रहा था.
दूध लेने निकली थी मासूम, कंबल में लिपटा मिला था शव
यह सनसनीखेज मामला बेगमपुर का है. बीते बुधवार की सुबह मासूम बच्ची घर से दूध लेने के लिए निकली थी, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के बीच गुरुवार सुबह बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कंबल में लिपटा हुआ बरामद हुआ. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल हो गया था.
FSL और डॉग स्क्वाड की मदद से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया. जांच के दौरान एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई. पुलिस ने पिछले 72 घंटों से पूरे इलाके को खंगाल रखा था. आखिरकार, पुलिस की मेहनत रंग लाई और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को उसी मोहल्ले के एक घर से दबोच लिया गया.
आज होगा बड़ा खुलासा, SSP करेंगे प्रेस वार्ता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड से जुड़े कई अहम सबूत और सुराग हाथ लगे हैं. पुलिस फिलहाल इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ रही है ताकि कोर्ट में मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके. इस पूरे मर्डर मिस्ट्री का औपचारिक खुलासा रविवार को किया जाएगा. पटना के वरीय आरक्षी अधीक्षक (SSP) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे.
इलाके में तनावपूर्ण शांति, पुलिस की कार्रवाई जारी
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन मासूम की निर्मम हत्या को लेकर लोगों में अब भी भारी गुस्सा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घृणित अपराध में क्या कोई और भी शामिल था. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- भारत में नेपाल की गाड़ियों को पेट्रोल-डीजल देना बंद, बॉर्डर के पास पेट्रोल पंप को लेकर प्रशासन का फैसला













