NDTV Exclusive : नीतीश कुमार को कब पता चला कि सम्राट चौधरी सीएम बनेंगे ? 

BJP ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पहले ही विधायक दल की बैठक का पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया था जो 14 अप्रैल को सुबह क़रीब 11 बजे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष चार्टर्ड विमान से पटना पहुंच गए . 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नीतीश कुमार ने भी सम्राट चौधरी को दी सीएम बनने की बधाई
NDTV
नई दिल्ली:

15 अप्रैल को बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली . इसके साथ ही बिहार की राजनीति में पिछले 20 सालों से चला आ रहा नीतीश युग ख़त्म हो गया . ये जानना दिलचस्प है कि आख़िर कैसे सत्ता का हस्तांतरण इतनी आसानी से हो गया ? नीतीश कुमार को अपने उत्तराधिकारी के बारे में जानकारी आखिर कब मिली ? इस बात की जानकारी 13 अप्रैल को ही सामने आ गई थी कि अगले दिन यानि 14 अप्रैल को दोपहर 3.15 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल ले ज ( रि ) अता हसनैन से मिलकर अपना इस्तीफ़ा सौंप देंगे .

इसके साथ ही ख़बर आई कि नीतीश कुमार के इस्तीफ़ा देने के तुरंत बाद पहले बीजेपी विधायक दल और फिर शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी . बीजेपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पहले ही विधायक दल की बैठक का पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया था जो 14 अप्रैल को सुबह क़रीब 11 बजे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष चार्टर्ड विमान से पटना पहुंच गए . 

इस्तीफ़े से महज आधे घंटे पहले दी गई जानकारी

चौहान के पटना पहुंचते ही ये फ़ैसला किया गया कि बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाक़ात करेंगे . नीतीश कुमार से समय मांगा गया और दोपहर 2.45 बजे यानि उनके इस्तीफ़े से महज 30 मिनट पहले उनसे मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुंच गए शिवराज सिंह चौहान . पुख़्ता सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया है कि यहीं पर पहली बार नीतीश कुमार को ये जानकारी दी गई कि नए मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की पसंद कौन है . इस मुलाक़ात के दौरान ही चौहान ने नीतीश को बताया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बीजेपी अगले मुख्यमंत्री के तौर पर बिठाना चाहती है . चौहान ने नीतीश से उनकी राय भी जानना चाहा जिसपर नीतीश ने अपनी मंजूरी दे दी और उसके बाद दोपहर 3.15 बजे अपना इस्तीफ़ा सौंपने राज्यपाल से मिलने पहुंचे . 

ऐसे में ये कहना सही होगा कि अपने इस्तीफ़े के महज आधे घंटे पहले ही नीतीश कुमार को औपचारिक तौर पर सम्राट चौधरी के नाम के बारे में जानकारी दी गई . सूत्रों ने ये भी बताया कि शिवराज सिंह चौहान ने नीतीश से ये भी आग्रह किया कि एनडीए विधायक दल की बैठक में वो ख़ुद सम्राट चौधरी का नाम लें . नीतीश कुमार ने किया भी ऐसा ही . एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद सम्राट चौधरी ने नई सरकार बनाने का दावा सौंपा और अगले दिन यानी 15 अप्रैल को उनको शपथ भी दिलवा दी गई . 

निशांत को मिल सकता है संगठन में पद 

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर भी कई तरह की अटकलें लग रही हैं . जेडीयू के आला सूत्रों ने बताया कि निशांत कुमार ने ख़ुद ही सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला किया और उसकी जगह संगठन में काम करने की इच्छा जताई . सूत्रों के मुताबिक़ निशांत कुमार को आनेवाले दिनों में पार्टी संगठन में कोई ज़िम्मेदारी दी जा सकती है . 

Advertisement

यह भी पढ़ें: बिहार में मंत्रालयों के भी 'चौधरी' बने सम्राट... क्या JDU अब सिर्फ 'सहयोगी' भर रह गई?

यह भी पढ़ें: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सत्ता के शिखर तक का सफर कुछ यूं किया तय

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War: Nuclear Weapon पर अटकी जंग! US के खिलाफ अब क्या करेगा ईरान? | Trump
Topics mentioned in this article