बिहार के नालंदा जिले में दबंगों की शर्मनाक हरकत सामने आई है. नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में 3 बदमाशों ने एक विवाहिता के साथ सार्वजनिक रूप से दुष्कर्म का प्रयास किया. युवती ने विरोध किया और शोर मचाया, तब भी आरोपी नहीं रुके. भीड़ इकट्ठा होने पर उन्होंने महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक आरोपी फरार है. इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है.
फरार आरोपी के लिए छापेमारी जारी
पीड़िता के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज ली है. मामले में अशोक यादव, मटरू महतो और रविकांत कुमार को नामजद किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मटरू महतो और अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी रविकांत कुमार की तलाश में छापेमारी जारी है.
आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़े
रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता मायके में रह रही थी. 26 मार्च की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जब वह किराना दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया. उन्होंने महिला को जमीन पर गिरा दिया और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए.
भीड़ जुटी, फिर भी दबंग नहीं माने
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, लेकिन आरोपियों के दबंग स्वभाव के कारण कोई खुलकर विरोध नहीं कर सका. भीड़ बढ़ने पर आरोपी पीछे हटे, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने महिला के साथ सार्वजनिक अभद्रता की और दो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए. नूरसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः नालंदा के शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान भगदड़, 8 महिलाओं की मौत, मुआवजे का ऐलान














