Bihar News: सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर युवक के साथ मारपीट मामले में मुजफ्फरपुर में भाजपा विधायक रंजन सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस एक्शन में आ गई है. टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. जो कार्रवाई होगी, वह जल्द ही देखने को मिलेगी. युवक के साथ विधायक और उनके समर्थकों द्वारा मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ विवाद
दरअसल, मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र के भाजपा विधायक रंजन सिंह अपने समर्थकों के साथ शनिवार को मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी मुकुंद कुमार के आवास पर पहुंच कर उसके साथ मारपीट की. वहीं घटना का वीडियो सामने आने के बाद खुद बीजेपी विधायक रंजन सिंह मीडिया के सामने आए और कहा कि मुकुंद कुमार के द्वारा लगातार उनके फोटो को सोशल मीडिया पर लगाकर उस पर अमर्यादित टिप्पणी किया जा रहा था. विधायक ने कहा कि इस बात को लेकर मैं मुकुंद कुमार के दरवाजे पर समझाने गया था.
मुकुंद कुमार की हुई गिरफ्तारी, पर CCTV फुटेज ने पलटा खेल
इसी बीच समर्थकों के साथ उसकी धक्का मुक्की हो गई. विधायक ने पुलिस में मुकुंद कुमार के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई, जिसमें मुकुंद पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया. इसके बाद रविवार को मुकुंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. फिर बाद में कोर्ट से मुकुंद कुमार को जमानत मिल गई. वहीं, जब विधायक और उनके समर्थकों का मुकुंद कुमार के घर जाकर मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला उलट गया.
पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर अलग मामला दर्ज
सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बीजेपी विधायक के समर्थकों के द्वारा मुकुंद कुमार की पिटाई की जा रही है. घटना के बाद मुकुंद कुमार की पत्नी ने मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया. जिसमें उसने बताया कि उसके घर पर आकर 50-60 लोगों ने हंगामा करते हुए मारपीट की. मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने एक अलग मामला दर्ज किया.
यह भी पढे़ं-
VIDEO: बिहार में विधायक की दबंगई! समर्थकों ने जिसे पीटा, उसी की हुई गिरफ्तारी
फेसबुक पर दोस्ती, फिर मुलाकात में खूनी खेल; बिहार की युवती के मर्डर का खुल गया राज














