- पटना पुलिस ने खान सर से भी की पूछताछ, कोचिंग पर फायरिंग मामले में FIR भी दर्ज की गई है.
- खान सर के खिलाफ पटना में छात्रों ने प्रदर्शन भी किया है.
- ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के छात्रों ने कारगिल चौक पर खान सर के खिलाफ नारेबाजी की थी.
बिहार के चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित हमले की जांच के घेरे में अब खुद खान सर आ चुके हैं. पुलिस इस मामले में अभी तक खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर चुकी है. जबकि पुलिस ने गुरुवार को खान सर से भी पूछताछ की है. बताया जा रहा है कि अब इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की भी तैयारी की जा रही है. हालांकि, खान सर की गिरफ्तारी होगी या नहीं इसे लेकर पुलिस की तरफ से कोई आधिकारीक बयान नहीं आया है. पुलिस ने इस मामले में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज किया है. इस FIR में खान सर के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
NDTV के पास खान सर के खिलाफ की गई FIR की कॉपी है. खान सर के खिलाफ किए गए FIR में उनके बॉडीगार्ड द्वारा गोली चलाने की बात का जिक्र किया गया है. साथ ही कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग करने के इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात कही गई है. FIR में खान सर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने गार्ड्स से कहा कि देख क्या रहे हो भीड़ पर अविलंब फायर करो जो होगा मैं समझ लूंगा. खान सर के निर्देश के बाद ही उनके गार्ड्स ने फायरिंग की. इस वीडियो में दोनों गार्ड्स की पहचान भी हो गई है.
आपको बता दें कि गुरुवार को खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के छात्रों ने पटना में जमकर प्रदर्शन किया था. इस दौरान छात्रों ने मांग की थी कि खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद के खिलाफ जानबूझकर झूठा आरोप लगाया है. छात्रों ने कारगिल चौक पर कैंडल मार्च भी निकाला था.
'जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा'
पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा था कि वे रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर यहां पहुंचे हैं और प्रशासन से उनका तुरंत रिहा करने की अपील कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा. छात्रों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में खुद खान सर की भूमिका संदिग्ध है और उनके इशारे पर ही गोली चलवाई गई है. एक छात्र ने दावा किया कि खान सर के गार्ड की ओर से फायरिंग कराई गई, ऐसे में सवाल उठता है कि अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई.
यह भी पढ़ें: 'गरीब बच्चों को उकसाकर आंदोलन में भेज दिया जाता है', खान सर विवाद पर JDU प्रवक्ता नीरज कुमार का बयान