वैशाली में 'शोले' जैसा ड्रामा, शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी 'बसंती'; पुलिस को बुलाना पड़ा प्रेमी

बिहार के वैशाली में शादी की जिद को लेकर एक नाबालिग लड़की 10 घंटे तक हाईटेंशन टावर पर चढ़ी रही. पुलिस ने जब प्रेमी को मौके पर बुलाया और शादी का वादा कराया, तब जाकर युवती नीचे उतरी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
वैशाली में 'रियल लाइफ शोले', टावर पर चढ़ी नाबालिग लड़की, 10 घंटे बाद प्रेमी को बुलाकर उतारा नीचे
NDTV Reporter

Bihar News: शोले मूवी का 'वीरू' तो आपको याद ही होगा, जो शादी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया था? बिहार के वैशाली में ठीक ऐसा ही हाई-वोल्टेज ड्रामा सोमवार को देखने को मिला. बस फर्क इतना था कि यहां टंकी के बजाय हाईटेंशन टावर था और 'वीरू' के बदले 'बसंती' ऊपर चढ़ी थी. करीब 10 घंटे तक प्रशासन के हाथ-पांव फूलते रहे और अंत में जब 'वीरू' मौके पर पहुंचा, तब जाकर इस फिल्मी कहानी का 'द एंड' हुआ.

महनार में 10 घंटे तक थमी रहीं सांसें

यह पूरा मामला महनार अनुमंडल क्षेत्र के स्टेशन रोड का है, जहां प्यार में दीवानगी की सारी हदें पार हो गईं. एक नाबालिग लड़की अपनी शादी की जिद को लेकर 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर जा चढ़ी. देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग डरे हुए थे कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए, वहीं कई लोग इस पूरे वाकये को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने में जुटे थे.

DM की पहल पर पुलिस ने खोज निकाला 'वीरू'

घटना की गंभीरता को देखते हुए महनार एसडीओ नीरज कुमार और एसडीपीओ प्रवीण कुमार सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. अधिकारी घंटों युवती को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई. आखिरकार वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह की पहल पर पुलिस की एक टीम 10 किलोमीटर दूर देसरी थाना क्षेत्र भेजी गई, जहां से प्रेमी युवक को ढूंढकर मौके पर लाया गया. जैसे ही प्रेमी ने टावर के नीचे खड़े होकर शादी का वादा किया, युवती नीचे उतरने को राजी हुई.

जाति की दीवार और नाबालिग होने का पेंच

जानकारी के अनुसार, युवती और युवक अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते हैं. युवती यादव समाज से है, जबकि युवक ठाकुर समाज से. चूंकि दोनों अभी नाबालिग हैं, इसलिए घर वाले इस रिश्ते और शादी के खिलाफ थे. इसी विरोध से आहत होकर युवती ने मौत की परवाह किए बिना हाईटेंशन टावर पर चढ़ने का आत्मघाती फैसला लिया.

Advertisement

बड़ी बहन की भूमिका पर पुलिस को संदेह

इस मामले में पुलिस को एक बड़ी साजिश की भी बू आ रही है. महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि जब युवती टावर पर थी, तब उसकी बड़ी बहन नीचे से मोबाइल के जरिए उसे लगातार निर्देश (गाइड) दे रही थी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस पूरे ड्रामे में बड़ी बहन की क्या भूमिका थी और क्या यह सब किसी सोची-समझी योजना के तहत किया गया. फिलहाल युवती को सुरक्षित बचाकर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें:- घर वाले राजी फिर भी मंदिर में क्यों कर ली शादी? बिहार में चर्चा का विषय बनी ये शादी

Advertisement
Featured Video Of The Day
US Iran War | Trump के नए हथियार तैयार! क्या युद्ध होगा और भी खतरनाक? | BREAKING NEWS