अब सुरक्षा और भी सख्त... बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट को लेकर आया नया अपडेट

दरभंगा हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना स्टेशन के भीतर एक सिविल एन्क्लेव के रूप में काम करता है, ऐसे में यहां उच्च स्तर की सुरक्षा की जरूरत और बढ़ जाती है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब CISF को औपचारिक रूप से सौंप दी गई है.
  • यह बिहार का तीसरा हवाई अड्डा है जहां CISF तैनात हुआ है, पटना और गया के बाद दरभंगा शामिल है.
  • पहले चरण में 145 CISF जवानों को तस्करी और ड्रोन गतिविधियों जैसे खतरों से निपटने के लिए तैनात किया गया है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंप दी गई है. इसे लेकर आज हवाई अड्डा परिसर में एक समारोह आयोजित किया गया. यह उत्तर बिहार में विमानन और महत्वपूर्ण ढांचों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. इसके साथ ही दरभंगा देश का 72वां हवाई अड्डा बन गया है, जिसकी सुरक्षा अब CISF कर रही है. पटना और गया के बाद यह बिहार का तीसरा हवाई अड्डा है, जहां CISF की तैनाती हुई है.

इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, CISF के महानिदेशक प्रवीर रंजन, जनप्रतिनिधि, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. पहले चरण में हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए 145 CISF जवानों को तैनात किया गया है. दरभंगा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह तैनाती काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह हवाई अड्डा भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है, जहां तस्करी, ड्रोन गतिविधियों और सीमा पार खतरों की आशंका बनी रहती है.

दरभंगा हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना स्टेशन के भीतर एक सिविल एन्क्लेव के रूप में काम करता है, ऐसे में यहां उच्च स्तर की सुरक्षा की जरूरत और बढ़ जाती है. CISF यहां यात्रियों और सामान की जांच, निगरानी व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराएगा. साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम, बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों की टीम भी तैनात की गई है.

उड़ान योजना के तहत दरभंगा हवाई अड्डा तेजी से विकसित हुआ है और उत्तर बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है. यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और CISF की तैनाती से मिथिला क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुरक्षा मिलेगी. वहीं, CISF प्रमुख प्रवीर रंजन ने कहा कि बल आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित कर्मियों के जरिए सुरक्षित और यात्री‑अनुकूल माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. CISF की इस तैनाती के साथ अब बिहार में 11 महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बल के जिम्मे है.

Advertisement

ये भी पढ़ें : बिहार में 'ईंधन बचत' पर सियासत, सीएम का छोटा हुआ काफिला, तेजस्वी ने कहा- यह मुद्दों से ध्यान भटकाने का स्टंट